मुख्यपृष्ठअपराधमहिला सुरक्षा के दावे खोखले, अपराधों में ४,०३० की छलांग!

महिला सुरक्षा के दावे खोखले, अपराधों में ४,०३० की छलांग!

-दुष्कर्म, दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा रोकने में सरकार नाकाम
-महिला आयोग भी नेतृत्वविहीन, २,७६१ शिकायतें लंबित

जेदवी / मुंबई

महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के बड़े-बड़े दावों के बीच महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अपराधों का बढ़ता आंकड़ा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है। दुष्कर्म, दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं पर लगाम कसने में सरकारी तंत्र नाकाम नजर आ रहा है। एक साल में महिला अपराधों के ४,०३० मामले बढ़ना सुरक्षा के दावों की जमीनी हकीकत उजागर करता है। विडंबना यह है कि पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने वाला राज्य महिला आयोग खुद अध्यक्ष के बिना चल रहा है।
एक साल में ५० हजार से अधिक अपराध
आर्थिक सर्वेक्षण २०२५-२६ के मुताबिक, वर्ष २०२४ में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के ४६,३२० मामले दर्ज हुए, जबकि २०२५ में यह आंकड़ा ५०,३५० तक पहुंच गया। दुष्कर्म के मामले भी २०२३ के ७,५२४ से बढ़कर २०२५ में ८,६४३ हो गए। दहेज हत्याओं के २०२५ में १३८ मामले दर्ज हुए। पूर्व अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद २० मार्च २०२६ से आयोग अध्यक्षविहीन है। छह गैर-सरकारी सदस्यों के पद भी खाली हैं। ३१ मार्च तक २,७६१ शिकायतें लंबित थीं। कुल सात पद रिक्त होने से आयोग की कार्यक्षमता पर सवाल है। महिला सुरक्षा के लिए कानूनों के साथ प्रभावी कार्रवाई, जवाबदेही और आयोग में तत्काल नियुक्तियां जरूरी हैं। आखिर घोषणाओं से आगे सरकार जमीन पर सुरक्षा कब सुनिश्चित करेगी?

अन्य समाचार