-बीएमसी स्कूलों में डिजिटल पढ़ाई ठप!
-१,३०० कक्षाओं में पैनल लगाने का दावा, २८.१८ करोड़ भुगतान के बाद भी विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री नहीं; सतर्कता जांच शुरू
जेदवी / मुंबई
मुंबई के मनपा स्कूलों में डिजिटल शिक्षा के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद विद्यार्थियों को पढ़ाई की जरूरी डिजिटल सामग्री नहीं मिल रही है। करीब ३७ करोड़ रुपये की डिजिटल क्लासरूम परियोजना में सामने आई लापरवाही ने मनपा प्रशासन और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधुनिक शिक्षा के नाम पर करोड़ों खर्च, लेकिन विद्यार्थियों के हाथ खाली! आखिर यह कैसी डिजिटल क्रांति?
मनपा ने करीब १,३०० कक्षाओं में ६५ इंच के इंटरैक्टिव डिजिटल पैनल लगाने का दावा किया था। पहली से दसवीं तक मराठी, हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम आधारित सामग्री उपलब्ध कराने की योजना थी। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी और आईजीसीएसई पाठ्यक्रम भी शामिल थे। लेकिन डिजिटल पैनल लगाने के दावों के बीच शैक्षणिक सामग्री का अभाव परियोजना की हकीकत उजागर कर रहा है।
परियोजना की कुल लागत में से २८.१८ करोड़ रुपये यानी लगभग ७६ प्रतिशत रकम ठेकेदारों को भुगतान की जा चुकी है। इसके बावजूद विद्यार्थियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलना जवाबदेही पर बड़ा सवाल है। भुगतान से पहले काम की जांच किसने की? गुणवत्ता और सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित क्यों नहीं की गई?
सतर्कता विभाग करेगा जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी ने फाइल सतर्कता विभाग को भेजी है। उप शिक्षा आयुक्त प्राची जांभेकर के मुताबिक, जांच के जरिए जिम्मेदारी तय की जाएगी। अब सवाल है कि करोड़ों के इस कथित खेल में दोषियों पर कार्रवाई कब होगी?
