मुख्यपृष्ठस्तंभपूर्वांचल पॉलिटिक्स : सीटों की प्यास भी, सहयोग की आस भी

पूर्वांचल पॉलिटिक्स : सीटों की प्यास भी, सहयोग की आस भी

 हिमांशु राज

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव २०२७ से पहले समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इनमें सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर सीट भी शामिल है, जिन पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद दावा जता रहे थे । इस कदम से गठबंधन की आंतरिक खींचतान खुलकर सामने आ गई है। मसूद ने कहा कि हम सहयोगी बन सकते हैं, भिखारी नहीं। यह केवल व्यक्तिगत नाराजगी नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर सीटों को लेकर बढ़ती बेचैनी का संकेत है।
पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने ३९९ सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे केवल दो सीटें मिलीं-रामपुर खास और फरेंदा। पार्टी का वोट शेयर २.३३ प्रतिशत रह गया। दूसरी ओर, सपा ने ३४७ सीटों पर लड़ते हुए १११ सीटें जीतीं और करीब ३२.६ प्रतिशत वोट हासिल किया। सपा २२३ सीटों पर दूसरे स्थान पर रही, यानी कुल ३३४ सीटों पर उसका मजबूत आधार माना जा रहा है ।
इसी आंकड़े को आधार बनाकर सपा कांग्रेस को २६ सीटों का प्रस्ताव दे रही है। इसमें कांग्रेस की जीती हुई दो सीटें और कुछ ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी, लेकिन कांग्रेस १०० से १२० सीटों की सूची पर बात करना चाहती है, जबकि उसकी एक सूची में १८१ सीटों तक का दावा सामने आया है। सबसे बड़ा पेंच यह है कि कांग्रेस की सूची में २२ ऐसी सीटें हैं, जिन पर २०२२ में सपा ने जीत दर्ज की थी ।
सपा का तर्क सीधा है कि जो सीटें उसने जीती हैं या जहां वह दूसरे नंबर पर रही है, उन्हें गठबंधन की बातचीत से बाहर रखा जाए। पार्टी को आशंका है कि कांग्रेस अपनी कमजोर चुनावी स्थिति के बावजूद सपा के मजबूत क्षेत्रों पर दावा कर रही है। सहारनपुर मंडल में सपा ने कांग्रेस को सिर्फ एक सीट का विकल्प खुला रखा है, जबकि मुजफ्फरनगर और शामली में कोई सीट देने का मूड नहीं है।
दूसरी ओर, सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क गठबंधन में दरार से इनकार करते हैं। उनके अनुसार सीट शेयरिंग में मोल-भाव स्वाभाविक है और दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ना चाहती हैं। अखिलेश यादव ने २६ सीटों से बातचीत शुरू कर मिल-जुलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया है, लेकिन राजनीति में संदेश और सीटों का व्यावहारिक बंटवारा अलग चीजें हैं।
कांग्रेस के लिए १०० सीटों से कम पर सहमत होना राजनीतिक प्रतिष्ठा का सवाल है, जबकि सपा के लिए अपनी जीती हुई सीटें छोड़ना संगठनात्मक नुकसान। यदि कांग्रेस अपनी परंपरागत मांग पर डटी रही और सपा ने २६ सीटों से आगे बढ़ने से इनकार किया, तो गठबंधन की राह कठिन होगी। सहयोग बनाम भिखारी वाली बहस का असली उत्तर सीटों की संख्या नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता के आधार पर होने वाला ईमानदार बंटवारा है।

अन्य समाचार