मुख्यपृष्ठनए समाचारजनता की जमीन बिल्डरों के नाम!

जनता की जमीन बिल्डरों के नाम!

-मनपा के दो और आरक्षित भूखंड निजी डेवलपर को सौंपने की तैयारी!
-बांद्रा के बेशकीमती भूखंडों को १५ साल के लिए निजी डेवलपर के हवाले करने का प्रस्ताव

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई में सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित जमीनों को लेकर बीएमसी की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बांद्रा रिक्लेमेशन इलाके में मनोरंजन मैदान और स्वास्थ्य केंद्र के लिए आरक्षित दो बेशकीमती भूखंडों को १५ वर्षों के लिए निजी डेवलपर के हवाले करने का प्रस्ताव सामने आया है। इन भूखंडों को वृक्षारोपण, सौंदर्यीकरण और रखरखाव के नाम पर निजी डेवलपर को सौंपने की तैयारी का स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया है। सवाल उठ रहा है कि जब इन जमीनों का उद्देश्य आम नागरिकों को सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, तो इनके रखरखाव की जिम्मेदारी निजी डेवलपर को सौंपने की जरूरत क्यों पड़ रही है? बांद्रा रिक्लेमेशन स्थित इन दोनों भूखंडों में एक लगभग ३,३०० वर्गमीटर का मनोरंजन मैदान है, जबकि दूसरा स्वास्थ्य केंद्र के लिए आरक्षित है, जिसका क्षेत्रफल इससे लगी सड़क सहित लगभग ४,३०० वर्गमीटर है। दोनों भूखंड एक झोपड़पट्टी पुनर्विकास परियोजना के पास स्थित हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, इस परियोजना को अंजाम देने वाले डेवलपर को इन जमीनों की देखभाल, वृक्षारोपण और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी १५ वर्षों के लिए सौंपी जानी है।

`पूर्व नगरसेवक आसिफ जकारिया ने भी प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मनोरंजन मैदान और स्वास्थ्य केंद्र का विकास करना बीएमसी की जिम्मेदारी है, ऐसे में निजी डेवलपर को इसमें शामिल करने का औचित्य क्या है?’

`स्थानीय निवासी फरहान शेख ने भी इस प्रस्ताव पर चिंता जताते हुए कहा कि मनोरंजन मैदान और स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएं नागरिकों के लिए होती हैं, न कि निजी हितों के लिए।’

अन्य समाचार