सामना संवाददाता / मुंबई
वर्सोवा-दहिसर संपर्क मार्ग के लिए ३० वर्ष पहले विकसित किए गए प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर नाना-नानी पार्क को बचाने के लिए शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे मैदान में उतर गए हैं। आदित्य ठाकरे ने कल नाना-नानी पार्क का दौरा कर मनपा की प्रस्तावित पेड़ों की कटाई का जायजा लिया। उन्होंने घोषणा की कि नाना-नानी पार्क को बचाने की लड़ाई में वे स्थानीय नागरिकों के साथ खड़े हैं। इस दौरान ‘आदित्य ठाकरे आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे गूंज उठे।
आदित्य ठाकरे ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा प्रकृति विरोधी है। मुंबई में खुली जगहें बिल्कुल बची नहीं रहनी चाहिए, ऐसी सरकार की मंशा दिखाई देती है। प्रकृति के विरुद्ध होने वाली हर गतिविधि को भाजपा विकास का नाम देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर सत्ताधारी भाजपा और मनपा नाना-नानी पार्क को हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने कचरे के ढेर को साफ करके इस पार्क का निर्माण किया था। उस समय महानायक अमिताभ बच्चन और अभिनेता ओम पुरी की उपस्थिति में नाना-नानी पार्क का उद्घाटन हुआ था। आदित्य ठाकरे ने कहा कि भाजपा शासन ने मुंबई में खुली जगहों को समाप्त करने का फैसला कर लिया है। हालांकि, भाजपा की इस प्रकृति विरोधी नीति के खिलाफ उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर विधायक सुनील शिंदे, हारून खान और मनपा में विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर उपस्थित थीं।
जलस्रोतों को नुकसान
मनपा की प्रस्तावित तटीय मार्ग संपर्क परियोजना के कारण जलस्रोतों को हो रहे नुकसान के मुद्दे पर आदित्य ठाकरे ने कल अंधेरी स्थित लोखंडवाला तालाब का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मनपा प्रशासन ने उन्हें प्रस्तावित परियोजना का प्रस्तुतीकरण दिया। आदित्य ठाकरे ने परियोजना के कारण तालाब को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए खंभों का स्थान बदलने तथा गर्डरों के बीच की दूरी बढ़ाने जैसे सुझाव दिए।
