– विधानसभा अध्यक्ष के निर्णय की समीक्षा करने का अधिकार न्यायालय को है
– अयोग्यता पर समय रहते फैसला लिया गया होता तो महाराष्ट्र का इतिहास अलग होता
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
शिवसेना पार्टी और चुनाव चिह्न के मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने बुधवार को फिर तीखी दलीलें देकर शिंदे गुट के पसीने छुड़ा दिए। विधानमंडल में बहुमत का मतलब राजनीतिक दल नहीं है। दरअसल, दूसरा विधिमंडल दल बनाया ही नहीं जा सकता, ऐसा दावा करते हुए सिब्बल ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के निर्णय पर प्रश्नचिह्न खड़ा किया। विधानसभा अध्यक्ष के निर्णय की समीक्षा करने का अधिकार न्यायालय को है। यदि शिवसेना से गद्दारी करने वाले विधायकों की अयोग्यता पर समय रहते फैसला लिया गया होता तो महाराष्ट्र का इतिहास अलग होता, ऐसा सिब्बल ने सर्वोच्च न्यायालय से दृढ़तापूर्वक कहा। इससे अंतिम सुनवाई में ‘निर्णायक ट्विस्ट’ आ गया है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष शिवसेना मामले की अंतिम सुनवाई चल रही है। इस दौरान शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे की ओर से पक्ष रखते हुए कपिल सिब्बल ने शिंदे गुट, भाजपा, विधानसभा अध्यक्ष और चुनाव आयोग की पूरी साजिश का ब्योरा ही पेश कर दिया।
आज फिर सुनवाई
सिब्बल ने बुधवार को लगभग ४५ मिनट तक लगातार दलीलें दीं। इससे पहले के न्यायालयीन निर्णयों के संदर्भ देते हुए उन्होंने शिंदे गुट और भाजपा की मिलीभगत से हुई अनैतिक गतिविधियों की फेहरिस्त न्यायालय के समक्ष पढ़ी। इसी दौरान न्यायालयीन कामकाज का समय समाप्त हो जाने से उनकी दलीलें अधूरी रह गर्इं। न्यायालय ने उनकी शेष दलीलें सुनने के लिए गुरुवार को फिर से सुनवाई निर्धारित की है।
विधानसभा अध्यक्ष का निर्णय सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ!
वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने दलीलें देकर कहा की, विधानसभा अध्यक्ष द्वारा शिंदे गुट को असली शिवसेना के रूप में मान्यता देने का निर्णय सर्वोच्च न्यायालय की पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ के फैसले के भी खिलाफ है। विधानमंडल में बहुमत और राजनीतिक दल, ये दोनों अलग-अलग बातें हैं। इसके बावजूद नार्वेकर ने दोनों को आपस में मिला दिया। पार्टी की ताकत पर चुनकर आया सदस्य स्वतंत्र कानूनी व्यक्ति’ नहीं होता, बल्कि वह उस राजनीतिक दल का सदस्य होता है। ऐसी स्थिति में विधिमंडल दल को स्वतंत्र अस्तित्व देकर एकनाथ शिंदे को नेता और भरत गोगावले को सचेतक (व्हिप) के रूप में मान्यता कैसे दी जा सकती है? यदि इन गैरकानूनी बातों को समय पर नहीं रोका गया तो लोकतंत्र पर इसके गंभीर परिणाम होंगे। यह बात सिब्बल ने न्यायालय के संज्ञान में लाई। अलग-अलग बातों की खिचड़ी पकाकर विधानसभा अध्यक्ष द्वारा दिए गए निर्णय की समीक्षा करने का अधिकार न्यायालय को है और इसके लिए न्यायालय के पास ‘स्वतंत्र बॉडी’ है, ऐसा भी उन्होंने संकेत दिया।
महाविकास आघाड़ी में मंत्री पद संभाला, फिर मतभेद कैसे?
१० नवंबर २०१९ को भाजपा ने राज्यपाल का सरकार बनाने का निमंत्रण ठुकरा दिया और चुनाव से पहले का भाजपा-शिवसेना गठबंधन समाप्त हो गया। इसके बाद राष्ट्रपति शासन लागू हुआ। आगे देवेंद्र फडणवीस ने अजीत पवार के समर्थन से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। २३ नवंबर २०१९ को शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा ने फडणवीस को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने के राज्यपाल के निर्णय को चुनौती दी। बाद में फडणवीस ने इस्तीफा दिया और ३० नवंबर २०१९ को उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस और कांग्रेस की महाविकास आघाड़ी सरकार सत्ता में आई।
उस सरकार में २०१९ से २०२२ के दौरान एकनाथ शिंदे और उनके समर्थक विधायकों ने मंत्री पद संभाले। तब उन्होंने कोई आपत्ति नहीं जताई थी। फिर उनमें मतभेद या आंतरिक असंतोष होने की बात वैâसे कही जा सकती है? यह सवाल सिब्बल ने उठाया।
…तो परिणाम गंभीर होंगे!
राजनीतिक दल कौन है, यह विधिमंडल दल तय नहीं कर सकता। शिंदे गुट ने विधिमंडल दल को ही राजनीतिक दल मान लिया, जबकि दसवीं अनुसूची के अनुसार विधानमंडल में बहुमत राजनीतिक दल तय नहीं कर सकता। यदि विधिमंडल दल को ही राजनीतिक दल समझा गया तो इसके परिणाम अत्यंत गंभीर होंगे, ऐसी आशंका सिब्बल ने न्यायालय के समक्ष व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि विधिमंडल दल का बहुमत राजनीतिक दल में वैâसे शिफ्ट हो सकता है? शिंदे गुट राजनीतिक दल ही नहीं है, फिर पार्टी के लेटरहेड पर पत्र कैसे भेज सकता है?
सिब्बल का मास्टरस्ट्रोक
२० जून २०२२ को शिंदे गुट के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और अगले ही दिन वे सूरत चले गए। इसके बाद गुजरात से असम गए। भाजपा शासित राज्य में एक साथ रहकर उन्होंने प्रस्ताव पारित किए। यदि आंतरिक मतभेद थे तो उन्हें मुंबई लौटकर पार्टी का आम अधिवेशन बुलाना चाहिए था।
२१ जून को सुनील प्रभु ने व्हिप जारी किया था। शिंदे गुट ने सुनील प्रभु मामले में अपने जवाब में व्हिप जारी किए जाने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसी समय व्हिप जारी करने का अधिकार न होने का दावा भी किया। वास्तव में, २२ जून को विधानसभा सत्र में उपस्थित न रहकर ही उन्होंने पार्टी के व्हिप को चुनौती दी। विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव में उन्होंने महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार के विरुद्ध मतदान किया। यह कृत्य भी पार्टी विरोधी था।
शिंदे गुट का उद्देश्य महाविकास आघाड़ी की सरकार गिराना था। २१ जून को शिंदे गुट के विधायकों ने भाजपा शासित राज्य में एक साथ रहकर जो निर्णय लिए, उन्हें आंतरिक मतभेद नहीं कहा जा सकता। २२ जून को राज्यपाल ने बहुमत परीक्षण के निर्देश क्यों दिए? उसके पीछे विधायकों द्वारा दलबदल किए जाने की धारणा थी। हालांकि, राज्यपाल का वह आदेश पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने रद्द कर दिया था।
चुनाव आयोग का निर्णय अलग आधार पर था। गद्दारी करने वाले विधायकों की अयोग्यता पर पहले निर्णय नहीं लिए जाने के कारण इस तरह के हालात पैदा हुए।
