मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
यूपी के भाजपा विधायक ओम कुमार की विधायकी इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रद्द कर दी है। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में पर्चा दाखिल करते समय हलफनामे में आय की गलत जानकारी दी थी। चार साल की अपनी कमाई छिपाते हुए केवल वित्तीय वर्ष 2021-22 की कमाई का ब्योरा दिया था। सुनवाई के बाद गुरुवार को जस्टिस सलिल कुमार राय की बेंच ने ओम कुमार का चुनाव रद्द करने का फैसला सुनाया। बेंच ने फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए उन्हें 15 दिन की मोहलत दी है।बता दें कि अगर विधायक को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलती है, तब भी नहटौर सीट पर उपचुनाव नहीं कराया जाएगा। ऐसा इसलिए, क्योंकि विधानसभा का आम चुनाव होने में छह महीने से कम समय बचने पर उपचुनाव नहीं कराए जाते हैं। ओम कुमार ने बिजनौर की नहटौर सीट से 2022 में जीत की हैट्रिक लगाई थी। इस बार उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल प्रत्याशी मुंशी रामपाल सिंह को 258 वोटों से हराया था। हारने के बाद रनर रहे मुंशी रामपाल सिंह ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक ओम कुमार ने 2022 में नामांकन के दौरान कुल आय का ब्योरा देने में गड़बड़ी की थी। नामांकन पत्र में पिछले पांच वित्तीय वर्षों की आय घोषित करने की बजाय उन्होंने केवल वित्तीय वर्ष 2021-22 का कॉलम भरा और बाकी चार वर्षों का कॉलम खाली छोड़ दिया। वित्तीय वर्ष 2017-18, 2018-19, 2019-20 और 2020-21 की आय का ब्योरा नहीं दिया गया था।चुनाव हारने वाले रालोद प्रत्याशी मुंशी रामपाल सिंह ने ओम कुमार के हलफनामे में कमाई छिपाने का आरोप लगाया। इसके बाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर करप्ट प्रैक्टिस से जीत हासिल करने की बात कही।
याचिकाकर्ता मुंशी रामपाल सिंह ने कहा ओम कुमार ने नामांकन फॉर्म में अपनी आय के स्रोतों का ब्योरा नहीं दिया था और आमदनी छिपाई थी।इसके अलावा नामांकन फॉर्म के कई कॉलम अधूरे थे। कोर्ट ने नामांकन को अवैध मानते हुए उनकी विधायकी रद्द कर दी है। कोर्ट का आदेश करीब 400 पेज का है। उन्होंने वोटों की दोबारा गिनती की मांग भी की थी, लेकिन उस पर अभी कोई निर्णय सामने नहीं आया है।2022 के विधानसभा चुनाव में नहटौर सीट पर भाजपा और आरएलडी के बीच बेहद करीबी मुकाबला हुआ था। भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि आरएलडी के मुंशी रामपाल सिंह को 77,677 वोट हासिल हुए थे। 258 वोटों के मामूली अंतर से जीत दर्ज करते हुए ओम कुमार ने हैट्रिक लगाई थी। बसपा की प्रत्याशी प्रिया सिंह 38,020 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रही थीं। सदस्यता गंवाने वाले विधायक ओम कुमार ने पहली जीत बसपा के सिंबल पर 2012 में हासिल की थी। उन्होंने भाजपा के राजकुमार को 19,398 वोटों से हराया था। हालांकि, 2017 के विधानसभा चुनाव के पहले उन्होंने भाजपा जॉइन कर ली थी। इसके बाद भाजपा ने उनको प्रत्याशी बनाया। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के मुन्ना लाल प्रेमी को 23,151 वोटों से हराया। 2022 में भी भाजपा ने उनको प्रत्याशी बनाया। इस बार उन्होंने रालोद प्रत्याशी मुंशीलाल को 258 वोटों से हराकर जीत की हैट्रिक बनाई।
लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने ओम कुमार को नगीना सुरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया था। लेकिन आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर से हार गए थे।सदस्यता गंवाने वाले भाजपा विधायक ओम कुमार विवादों में भी रहे हैं। साल 2024 में उन्होंने वोटर्स को धमकाया था कि वोट नहीं दोगे तो काम भी नहीं करूंगा। साथ ही अफसरों से कहा था कि जो मेरे समर्थकों का काम नहीं करेगा वो जिले में नहीं रहेगा।उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान सांसद चंद्रशेखर को भी चुनौती दी थी। कहा- आप कांवड़ यात्रा रोक कर दिखाइए। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही कांवड़ियों का सम्मान किया जाएगा। दरअसल, चंद्रशेखर ने कहा था कि जब कांवड़ के लिए सड़कें बंद की जा सकती तो सड़क पर 20 मिनट नमाज क्यों नहीं पढ़ी जा सकती।
