राजेश सरकार / प्रयागराज
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा दांव खेलते हुए 1997 बैच के तेज-तर्रार और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही संगम नगरी के अपराधियों में हड़कंप मच गया है। मोहित अग्रवाल का प्रयागराज से पुराना और बेहद गहरा नाता रहा है और वे यहां की नस-नस से वाकिफ हैं।
आईपीएस मोहित अग्रवाल के लिए प्रयागराज कोई नया मैदान नहीं है। साल 2012 में कुंभ मेले की तैयारियों के बीच उन्हें ‘एसएसपी कुंभ’ की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद उन्होंने एसएसपी इलाहाबाद और फिर डीआईजी/एसएसपी इलाहाबाद के पद पर रहते हुए कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा।
2019 महाकुंभ में दिखा चुके हैं अपनी काबिलियत
अगस्त 2018 में शासन ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें ‘आईजी रेंज प्रयागराज’ बनाया था। उनके कुशल नेतृत्व में ही 2019 के भव्य महाकुंभ की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बेमिसाल रही, जिसकी तारीफ देश-दुनिया में हुई।
अब वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर इस अनुभवी और सख्त मिजाज अधिकारी की पुलिस कमिश्नर के रूप में प्रयागराज में ‘घर वापसी’ हुई है। माना जा रहा है कि उनके पदभार संभालते ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर अपराधियों की धरपकड़ तक में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
