-मिर्जापुर के होनहार छात्र ने मौत को लगाया गले
राजेश सरकार / प्रयागराज
संगम नगरी के छात्र बाहुल्य इलाके छोटा बघाड़ा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किराए के कमरे में 11वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र स्थित पटहरा गांव निवासी कमलकांत गौतम के रूप में हुई है। घटना के वक्त कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आखिरी कॉल और साढ़े चार घंटे का सस्पेंस
इस पूरे मामले की गहन पड़ताल में कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए हैं। कमलकांत प्रयागराज के प्रतिष्ठित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में 11वीं का छात्र था और पिछले ढाई साल से यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह छोटा बघाड़ा में अपने हेड कांस्टेबल चाचा राजेश कुमार के परिवार के बगल वाले किराए के कमरे में रहता था। मृतक के पिता रामबख्श गौतम के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे उनकी बेटे कमलकांत से फोन पर बिल्कुल सामान्य बातचीत हुई थी। लेकिन महज साढ़े चार घंटे बाद, जब सुबह करीब 10 बजे पिता ने दोबारा फोन मिलाया तो घंटी बजती रही, पर उधर से कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका से घबराए पिता ने तुरंत पास में ही रहने वाली कमलकांत की चाची को फोन कर कमरे में देखने को कहा।
दरवाजा था बंद, अंदर दिखा खौफनाक मंजर
चाची जब कमरे के बाहर पहुंचीं और आवाज लगाई, तो अंदर से सन्नाटा पसरा रहा। आसपास के लोगों की मदद से जब किसी तरह अंदर झांका गया, तो सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे के भीतर कमलकांत अचेत अवस्था में फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में कर्नलगंज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे कर्नलगंज थाना ने टीम के साथ कमरे की बारीकी से तलाशी ली।
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत की गुत्थी और उलझ गई है। परिवार के लोग भी किसी तरह के तनाव या विवाद से इनकार कर रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि सुबह 5:30 बजे पिता से बात करने वाले छात्र ने आखिर किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया? कर्नलगंज पुलिस ने मृतक छात्र का मोबाइल फोन और लैपटॉप जांच के लिए जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल्स और चैट हिस्ट्री से मौत के कारणों का सुराग तलाशा जा रहा है। पुलिस ने शव को मर्चरी भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही समय और कारणों पर आधिकारिक मुहर लग सकेगी।
परिजनों से पूछताछ
पुलिस छात्र के दोस्तों, सहपाठियों और परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है ताकि इस खामोश खुदकुशी के पीछे की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल, एक होनहार छात्र की इस तरह अचानक हुई मौत से छोटा बघाड़ा की गलियों से लेकर मिर्जापुर के पटहरा गांव तक मातम पसरा हुआ है।
