-मंडलायुक्त ने अफसरों को थमाया अल्टीमेटम
राजेश सरकार / प्रयागराज
संगम की रेती पर लगने वाले माघ मेला-2027 को भव्य, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए शुक्रवार को मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने मेला अधिकारी ऋषि राज और विभागों के आला अफसरों के साथ मेला क्षेत्र में तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान मंडलायुक्त ने साफ कर दिया है कि काम में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने सभी विभागों को सख्त फरमान सुनाया कि 15 दिसंबर तक ‘पार्ट चार्ट’ सहित अपनी विस्तृत कार्ययोजना हर हाल में पेश करें। वहीं मेले की औपचारिक शुरुआत के तहत 4 दिसंबर को भव्य गंगा पूजन करने की तारीख भी तय कर दी गई है।
लखनऊ-अयोध्या रूट के यात्रियों की राह होगी आसान
मेले में भीड़ के दबाव को कम करने के लिए मंडलायुक्त ने एनएचएआई अफसरों के साथ निर्माणाधीन सिक्स लेन ब्रिज का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मलाका से स्टेनली रोड की ओर आने वाले ब्रिज की दाहिनी तरफ की तीन लेन 15 दिसंबर तक ट्रैफिक के लिए खोल दी जाएंगी। इससे लखनऊ, प्रतापगढ़ और अयोध्या से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को जाम के झाम से बड़ी राहत मिलेगी।
संगम नोज और गंगा पट्टी पर निरीक्षण के दौरान जहां भी गंदगी दिखी, मंडलायुक्त ने तत्काल सफाई के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के फूल-दीपक हटाने के लिए नियमित टीम लगाने और घाटों पर बोरियां लगवाने को कहा।
सेक्टर-1 में महावीर पोंटून ब्रिज (नंबर-1) के निर्माण और संगम अपर पर लग रहे बिजली के खंभों व सुरक्षा इंतजामों को भी बारीकी से परखा गया। अफसरों की टीम के साथ बोट पर सवार होकर मंडलायुक्त ने झूंसी और यमुना पट्टी पर चल रही लैंड लेवलिंग देखी। कटान देखकर उन्होंने निर्देश दिए कि जैसे-जैसे गंगा-यमुना का जलस्तर घटे बिना देरी किए घाटों का निर्माण शुरू कर दिया जाए। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी तालमेल बिठाकर तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने की हिदायत दी, ताकि कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
