मुख्यपृष्ठस्तंभनिवेश गुरु : शादी में पैसा या अर्थव्यवस्था में निवेश?

निवेश गुरु : शादी में पैसा या अर्थव्यवस्था में निवेश?

-भरतकुमार सोलंकी 

अमीरों की भव्य शादियों को देखकर अक्सर कहा जाता है कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। होटल, पर्यटन, कपड़े, आभूषण, वैâटरिंग, सजावट और आयोजन व्यवसाय को कारोबार मिलता है तथा रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। लेकिन क्या केवल देश के भीतर एक-दूसरे को पैसा देने और लेने से अर्थव्यवस्था वास्तव में मजबूत हो जाती है? क्या हमें यह भी नहीं देखना चाहिए कि शादी में खर्च होने वाले हजारों-करोड़ों रुपए का कितना हिस्सा भारतीय उत्पादों और वास्तविक उत्पादन को बढ़ावा देता है? मान लीजिए किसी शादी में करोड़ों रुपए का आयोजन किया गया। विदेशी सजावटी सामान, आयातित कपड़े, विदेशी फूल, महंगे उपहार और बाहर से मंगाई गई वस्तुओं का उपयोग हुआ। ऐसे में खर्च का एक हिस्सा सीधे दूसरे देशों के उत्पादकों तक पहुंच जाता है। दूसरी ओर, स्थानीय होटल, वैâटरिंग, सजावट और आयोजन सेवाओं पर खर्च हुआ पैसा देश के भीतर कारोबार और रोजगार जरूर पैदा करता है। लेकिन सवाल यह है कि इन सेवाओं में उपयोग होने वाली सामग्री कितनी भारतीय है और उसकी वास्तविक उत्पादन लागत तथा स्थानीय मूल्यवर्धन कितना है। क्या हमने कभी किसी बड़े विवाह आयोजन का हिसाब लगाया है कि कुल खर्च में से कितना पैसा भारतीय निर्माताओं, कारीगरों, किसानों और स्थानीय उत्पादकों तक पहुंचता है? कितना हिस्सा आयातित वस्तुओं की खरीद में जाता है और कितना केवल आयोजन, प्रचार, सजावट तथा अन्य सेवाओं पर खर्च होता है? यह समझना भी जरूरी है कि देश के भीतर सेवाओं पर हुआ खर्च बेकार नहीं होता। उससे रोजगार, आय और आर्थिक गतिविधियां पैदा होती हैं। लेकिन यदि हमारी खपत लगातार आयातित वस्तुओं पर निर्भर होती जाए और घरेलू उत्पादन तथा निर्यात की क्षमता नहीं बढ़े, तो क्या लंबे समय में देश की आर्थिक मजबूती प्रभावित नहीं होगी? देश की अर्थव्यवस्था को वास्तविक मजबूती तब मिलेगी जब हम भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाएं, उन्हें विदेशी बाजारों तक पहुंचाएं, सेवाओं का निर्यात बढ़ाएं और विदेशी मुद्रा अर्जित करें। साथ ही आयात पर निर्भरता घटाकर अपने उद्योगों, कारीगरों और उद्यमियों को मजबूत करें।
अब सवाल मध्यम वर्ग से भी है। क्या अमीरों की भव्य शादियों की नकल करके अपनी बचत और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा कमजोर करना उचित है? क्या उसी रकम का कुछ हिस्सा भारतीय उत्पादों, छोटे कारोबार, शिक्षा, रोजगार सृजन या निवेश में लगाकर अधिक स्थायी लाभ नहीं बनाया जा सकता? देश की अर्थव्यवस्था केवल इस बात से मजबूत नहीं होती कि हमने कितना खर्च किया, बल्कि इससे भी होती है कि हमारे खर्च से कितना भारतीय उत्पादन, रोजगार, मूल्यवर्धन और निर्यात बढ़ा। शादी का उत्सव जरूर मनाइए, लेकिन दिखावे के साथ आर्थिक विवेक को मत भूलिए। देश को केवल खर्च करने वाले ग्राहक नहीं, बल्कि उत्पादन करने वाले उद्यमी और दुनिया को बेचने की क्षमता रखने वाले नागरिक भी चाहिए।
सवाल मेरे हैं… जवाब आपके पास हैं।
(लेखक आर्थिक निवेश मामलों के विशेषज्ञ हैं।)

अन्य समाचार