मुख्यपृष्ठस्तंभपाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल!..२०२६ में अब तक...

पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल!..२०२६ में अब तक ८४ हिंदू-ईसाई लड़कियों का अपहरण

-मनमोहन सिंह

– वॉइस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी की ताजा रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
– पंजाब और सिंध में सबसे ज्यादा मामले दर्ज, कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
‘मेरी बेटी अभी नाबालिग है, उसे जबरन ले जाया गया है, कृपया उसे वापस लाइए।’ ‘क्या आपके पास इस बात का कोई सबूत है कि उसने अपनी मर्जी से धर्म नहीं बदला?’ पुलिस थाने के बाहर खड़ा एक बेबस पिता यह सुनकर सन्न रह जाता है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों के परिवारों के लिए यह कोई इकलौती कहानी नहीं, बल्कि एक कड़वी हकीकत बन चुकी है, जहां हिंदू और ईसाई समुदाय की लड़कियों और महिलाओं के अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
वॉइस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी (वीओपीएम) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, साल २०२६ में अब तक कम से कम ८४ अल्पसंख्यक लड़कियों और महिलाओं को अगवा किया गया है। इनमें से कई मामलों में जबरन धर्म परिवर्तन के बाद शादी करा दी गई। रिपोर्ट बताती है कि इन ८४ पीड़िताओं में ४९ ईसाई और ३५ हिंदू समुदाय से हैं। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि अगवा की गई लड़कियों में ४३ नाबालिग थीं और छह की उम्र १४ साल से भी कम थी।
पंजाब और सिंध में सबसे अधिक मामले
रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब प्रांत में ऐसे सबसे ज्यादा ४७ मामले दर्ज किए गए, जिनमें से १८ मामले अकेले लाहौर के हैं। इसके बाद सिंध में ३६ और बलूचिस्तान में एक मामला सामने आया। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का मानना है कि जमीनी हकीकत इससे कहीं अधिक गंभीर हो सकती है, क्योंकि कई परिवार डर या प्रशासन पर भरोसे की कमी के चलते पुलिस तक नहीं पहुंच पाते। उन्हें उत्पीड़न और कानूनी पेचीदगियों का डर सताता है।
पांच साल के आंकड़े और व्यवस्था पर सवाल
वीओपीएम के मुताबिक, २०२१ से २०२५ के बीच भी अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और शादी से जुड़े ५१५ मामले दर्ज हुए थे। रिपोर्ट में पुलिस की ढिलाई और अदालतों की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। विशेष रूप से नाबालिगों से जुड़े मामलों में उम्र के प्रमाण और सहमति की जांच को लेकर चिंता जताई गई है। संगठन ने सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नाबालिगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग की है।
महज कुछ महीनों में ८४ से अधिक मामलों का सामने आना अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पीड़ित परिवारों को व्यवस्था से भरोसे की कमी महसूस होती है, तो उन्हें न्याय और सुरक्षा कैसे मिलेगी?

 

अन्य समाचार