-उमा सिंह
चुनावी मौसम हो और सियासत में कुछ चटपटा न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच समाजवादी पार्टी के दफ्तर के बाहर ऐसे पोस्टर लगे हैं, जिनका जायका किसी चुनावी भाषण से कम नहीं है। यहां न विकास का लंबा-चौड़ा दावा है, न वादों की भारी-भरकम फेहरिस्त। सीधे कचौड़ी-समोसे से दिल जीतने की कोशिश है। पोस्टर पर लिखा है, `एक कचौड़ी, दो समोसा, समाजवादी पार्टी पर ही है भरोसा।’
अब सियासत में नारे भी बदल रहे हैं। पहले नेता जनता को सपने दिखाते थे, अब लगता है कि नाश्ते की थाली से ही जनसंपर्क का रास्ता निकाला जा रहा है। कचौड़ी के साथ समोसा मुफ्त है या नहीं, यह तो पोस्टर नहीं बताता, लेकिन राजनीतिक संदेश जरूर गरमागरम है।
मामला सिर्फ नाश्ते तक सीमित नहीं है। एक दूसरे पोस्टर में लिखा है, `मिले दो व्यापारी भाई, एक दूध वाले दूसरे मिठाई वाले हलवाई।’ यानी दूध और मिठाई के रिश्ते को सियासी रिश्तेदारी में बदलने की कोशिश भी हो रही है। पोस्टर में अखिलेश यादव दूध के डिब्बों से लदी साइकिल पर नजर आ रहे हैं। साथ में हलवाई समाज के प्रतिनिधि प्रकाश गुप्ता (यज्ञसेनी) का भी जिक्र है। ऊपर से पीडीए का नारा अलग। अब सवाल यह है कि चुनावी राजनीति में किसका कितना हिस्सा होगा, यह तो सीटों की बातचीत तय करेगी, लेकिन पोस्टरों ने कचौड़ी, समोसा, दूध और मिठाई को भी सियासी चर्चा में ला दिया है। कुल मिलाकर लखनऊ की सियासत में इन दिनों नारे भी तल रहे हैं और गठबंधन की खिचड़ी भी पक रही है। अब देखना यह है कि चुनावी थाली में किसे कचौड़ी मिलेगी, किसके हिस्से समोसा आएगा और किसे सिर्फ चटनी से ही संतोष करना पड़ेगा..!
