-अरुण कुमार गुप्ता
बिहार की राजनीति में अब गठबंधन की संभावनाओं से ज्यादा सियासी टकराव की तस्वीर दिखाई देने लगी है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के साथ दोबारा गठबंधन की किसी भी संभावना को खारिज कर दिया है। उनका साफ संकेत है कि अब नीतीश कुमार के साथ सत्ता का कोई नया समझौता नहीं होगा। इसके बजाय उनकी प्राथमिकता बीजेपी के खिलाफ विपक्षी ताकतों को एकजुट करना और बिहार से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विपक्ष की लड़ाई को मजबूत करना है। तेजस्वी का यह रुख बिहार की बदलती राजनीति में काफी अहम माना जा रहा है। एक समय नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव की पार्टियां मिलकर बीजेपी के खिलाफ सियासी लड़ाई लड़ चुकी हैं। लेकिन गठबंधन टूटने और बार-बार सत्ता समीकरण बदलने के बाद दोनों दलों के बीच भरोसे की दीवार खड़ी हो गई है। तेजस्वी अब उसी राजनीतिक इतिहास को दोहराने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। तेजस्वी यादव का आरोप है कि बीजेपी अपने सहयोगी दलों को धीरे-धीरे कमजोर करती है और सत्ता में अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहती है। नीतीश कुमार के नाम पर गंगा पर बने पुल के नामकरण को लेकर भी उन्होंने बीजेपी की राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाए थे। उनका कहना है कि बीजेपी अपने सहयोगियों को राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक बनाने की रणनीति पर काम करती है।
बीजेपी-जेडीयू की अदावत में फंसे आनंद मोहन!
बिहार की सत्ता में भाजपा और जदयू के बीच राजनीतिक खींचतान का असर अब आनंद मोहन प्रकरण में भी दिखाई देने लगा है। जिस रिहाई को लेकर २०२३ में नीतीश कुमार सरकार ने जेल नियमावली में संशोधन किया था, उसी पैâसले को सुप्रीम कोर्ट ने असंवैधानिक करार देते हुए पलट दिया है। आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया गया है। इस घटनाक्रम ने भाजपा-जदयू के रिश्तों और सरकार की राजनीतिक मंशा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अप्रैल २०२३ में तत्कालीन नीतीश कुमार सरकार ने बिहार जेल नियमावली में बदलाव किया था। इस संशोधन के बाद सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान हत्या के दोषियों को भी सजा में छूट देने का रास्ता खुल गया था। इसी संशोधन के आधार पर पूर्व सांसद आनंद मोहन को २४ अप्रैल २०२३ को जेल से रिहा किया गया था। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने इस संशोधन को मनमाना और असंवैधानिक बताते हुए रद्द कर दिया है। अदालत के आदेश के बाद आनंद मोहन की रिहाई पर कानूनी संकट खड़ा हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद तेजस्वी यादव ने भाजपा और नीतीश कुमार पर निशाना साधा। वहीं सांसद पप्पू यादव ने मौजूदा सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने अदालत में आनंद मोहन के पक्ष में प्रभावी पैरवी नहीं की।
जदयू में विरासत की बिसात!
बिहार की राजनीति में परिवारवाद को लेकर भाजपा और जदयू अक्सर विपक्षी दलों को घेरते रहे हैं, लेकिन अब जदयू के भीतर ही राजनीतिक विरासत का सवाल चर्चा में है। नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार को पार्टी की १३७ सदस्यीय नई प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल कर लिया गया है। यह निशांत की संगठन में पहली औपचारिक एंट्री है। इससे पहले जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा उन्हें पार्टी का भविष्य का नेता बता चुके हैं। लगातार दो घटनाक्रमों ने बिहार की सियासत में परिवारवाद बनाम राजनीतिक योग्यता की बहस को फिर तेज कर दिया है। जदयू की नई प्रदेश कार्यकारिणी में नीतीश कुमार और निशांत कुमार दोनों को जगह मिली है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की मंजूरी के बाद १३७ सदस्यों की सूची जारी की। इसमें केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। लेकिन इस सूची में निशांत की मौजूदगी ने राजनीतिक संदेश को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। सवाल है कि क्या जदयू में नेतृत्व की अगली कतार तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है? क्या पार्टी का भविष्य अब नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत के इर्द-गिर्द तय होगा?
