मुख्यपृष्ठनए समाचार१३ करोड़ वोटरों पर चली एसआईआर की कैंची!

१३ करोड़ वोटरों पर चली एसआईआर की कैंची!

-चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
– विपक्ष ने पूछा- वोटर लिस्ट की सफाई के नाम पर कहीं मताधिकार तो नहीं छीना जा रहा?

सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देश में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के नाम पर चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में करोड़ों मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर हो गए हैं। देशभर में करीब १३.३९ करोड़ नामों पर एसआईआर की वैंâची चली है। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से बाहर होने के बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल खड़े होने लगे हैं। विपक्षी दलों ने आशंका जताई है कि मतदाता सूची की सफाई के नाम पर कहीं वास्तविक और पात्र मतदाताओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित तो नहीं किया जा रहा है? सवाल यह भी है कि जिन लोगों ने पिछले चुनावों में मतदान किया, उन्हें अब अपना नाम सूची में बनाए रखने के लिए बार-बार दस्तावेज और प्रमाण क्यों देने पड़ रहे हैं?
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एसआईआर के बाद देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की ड्राफ्ट मतदाता सूचियों से करीब १३.३९ करोड़ नाम बाहर रहे। महाराष्ट्र में लगभग २.०७ करोड़ नाम हटे, जबकि दिल्ली में करीब ४७.५ लाख नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं मिले। ये आंकड़े बताते हैं कि पुनरीक्षण का असर करोड़ों मतदाताओं पर पड़ा है। हालांकि, चुनाव आयोग का कहना है कि इनमें मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित और एक से अधिक जगह पंजीकृत मतदाता शामिल हैं।
लेकिन इतनी बड़ी संख्या में नाम बाहर होने के बाद यह सुनिश्चित करना आयोग की जिम्मेदारी है कि किसी भी पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार प्रभावित न हो। महाराष्ट्र में एसआईआर से पहले करीब ९.७८ करोड़ मतदाता दर्ज थे। ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर लगभग ७.७१ करोड़ रह गई। यानी करीब २.०७ करोड़ नाम सूची से बाहर हो गए। दिल्ली में भी करीब १.४५ करोड़ से घटकर ९७.५३ लाख मतदाता ड्राफ्ट सूची में रह गए। यहां लगभग ४७.५ लाख नाम बाहर हुए। इन आंकड़ों ने खासकर महानगरों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों, किराएदारों और बार-बार स्थान बदलने वाले नागरिकों की परेशानी बढ़ने की आशंका पैदा की है।
वोटर को ही साबित करनी पड़ रही अपनी नागरिक मौजूदगी!
विपक्ष का सवाल है कि मतदाता सूची में पहले से दर्ज नागरिकों को दोबारा अपनी पहचान और निवास से जुड़े प्रमाण देने की नौबत क्यों आ रही है? जिन लोगों के पास जरूरी दस्तावेज नहीं हैं या जो काम की तलाश में एक शहर से दूसरे शहर जाते हैं, उनके लिए यह प्रक्रिया मुश्किल बन सकती है। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से बाहर हो गया तो उसे वापस जुड़वाने की जिम्मेदारी और प्रक्रिया कितनी सरल होगी, यह भी बड़ा सवाल है।

अन्य समाचार