-पीएम के मित्र को जमीन का कब्जा कब मिलेगा?
-`दोपहर का सामना’ द्वारा लगातार सच उजागर करने और पीएम से मुलाकात की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया।
सुरेश गोलानी / मुंबई
१९ साल के लंबे कानूनी और प्रशासनिक संघर्ष के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालसखा असगरभाई वोरा को बड़ी राहत मिली है। राजस्व विभाग ने मीरा रोड स्थित २,८१० वर्गमीटर विवादित जमीन के मालिकाना दस्तावेजों में आखिरकार असगरभाई और दाऊद वोरा का नाम बतौर मालिक दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि `दोपहर का सामना’ ने इस पूरे मामले और भू-माफियाओं की मनमानी को प्रमुखता से लगातार उठाया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। असगरभाई और दाऊद वोरा ने १९८९ में पंजीकृत करार के जरिए यह जमीन खरीदी थी। २००७ में राजस्व रिकॉर्ड में उनका नाम दर्ज भी हुआ, लेकिन वारिस जांच की आड़ में नाम हटा दिया गया। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों और गलत वारिस प्रमाणपत्र के जरिए जमीन की अवैध खरीद-बिक्री का खेल शुरू हुआ।
एक हिस्से पर भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता से जुड़ी `७/११ कंस्ट्रक्शन’ कंपनी का कब्जा रहा, तो दूसरे हिस्से पर `स्वयं डेवलपर्स’ ने फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी में हेराफेरी कर कब्जा जमा लिया। इस मामले में २०१५ में स्वयं बिल्डर और अन्य पर भाईंदर थाने में एफआईआर भी दर्ज हुई थी। प्रशासन, कोर्ट और राजनीति के चक्रव्यूह में फंसे असगरभाई ने न्याय न मिलता देख सितंबर में अपने बचपन के मित्र पीएम मोदी से मुलाकात कर सीबीआई जांच की मांग की थी। `दोपहर का सामना’ द्वारा लगातार सच उजागर करने और पीएम से मुलाकात की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। विधायक मेहता की कंपनी ने सौदा रद्द करने की घोषणा की और मनपा ने भी निर्माण अनुमति व टीडीआर रद्द कर दिया। १९८९ के मूल करार को वैध मानते हुए २७ नवंबर को राजस्व रिकॉर्ड में वोरा का नाम दर्ज कर लिया गया। अब कागजी लड़ाई तो वोरा जीत चुके हैं, लेकिन जमीन के दोनों हिस्सों पर अभी भी डेवलपर्स का कब्जा है। ऐसे में प्रशासन पुलिस बल की मदद से अवैध कब्जा हटाकर असगरभाई को जमीन का प्रत्यक्ष कब्जा कब सौंपता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
फर्जीवाड़ा करने वाले कब होंगे सलाखों के पीछे?
दस्तावेजों में हेराफेरी और फर्जी वारिस प्रमाणपत्र के जरिए जमीन हड़पने का खेल अब बेनकाब हो चुका है। २०१५ में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी अब भी खुले घूम रहे हैं। जब राजस्व विभाग ने १९८९ के मूल करार को सही मान लिया है, तो सवाल यह है कि इस फर्जीवाड़े के सूत्रधारों पर पुलिस शिकंजा कसते हुए उन्हें सलाखों के पीछे कब भेजेगी?
