परिवार और मवेशियों के साथ तीन दिनों तक पूरा गांव सीमा से बाहर रहेंगे
स्वप्निल सालसकर / सिंधुदुर्ग
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के मालवण तालुका स्थित चिंदर गांव में सैकड़ों वर्षों से चली आ रही ग्राम पलायन की अनूठी परंपरा का मुहूर्त आखिरकार तय हो गया है। गांव के प्रमुख मान्यवरों की उपस्थिति में श्री देव रवलनाथ मंदिर में धार्मिक विधि के अनुसार देवता का आदेश प्राप्त किया गया। इसमें देवता ने ग्राम पलायन की अनुमति दी। इसके बाद सभी ग्रामीणों की सहमति से २, ३ और ४ दिसंबर को तीन दिनों तक गांव पलायन करने की घोषणा की गई।
ग्राम पलायन की तारीख तय होने वाली थी, इसलिए सुबह से ही पूरे गांव की निगाहें रवलनाथ मंदिर पर टिकी थीं। मंदिर में सुबह से ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी थी। गांव के प्रमुख एवं पुलिस पाटील दिनेश पाताडे सहित बारह-पांच मान्यवरों की उपस्थिति में दोपहर २ बजे आदेश लेने की प्रक्रिया शुरू हुई। करीब तीन घंटे की धार्मिक प्रक्रिया के बाद देवता का आदेश प्राप्त हुआ। इससे पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया। इसके बाद प्रमुख लोगों और ग्रामीणों ने आपसी विचार-विमर्श कर ग्राम पलायन की तारीखें निश्चित कीं। इस परंपरा के अनुसार, तीन दिनों तक गांव की सीमा से बाहर रहने के बाद वापस लौटने के लिए भी देवता का आदेश लेना अनिवार्य होता है। देवता की अनुमति मिलने के बाद ही सभी ग्रामीण अपने गांव में वापस प्रवेश करेंगे।
धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा उदाहरण
गांव पलायन के दौरान पूरा गांव अपने परिवारों और मवेशियों के साथ गांव की सीमा से बाहर चला जाएगा। ग्रामीण आसपास के आचरा, त्रिंबक, मसुरे, वायंगणी और बांदिवडे क्षेत्रों में अस्थायी झोपड़ियां बनाकर तीन दिनों तक निवास करेंगे। इस परंपरा की सबसे खास बात यह है कि इसमें हिंदू समुदाय के साथ गांव के ईसाई समुदाय के लोग भी पूरे उत्साह से भाग लेते हैं। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और सर्वधर्मीय एकता की अनूठी मिसाल पेश करता है।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व
चिंदर गांव में हर तीन वर्ष में एक बार ग्राम पलायन की परंपरा निभाई जाती है। इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। समय के साथ कोंकण क्षेत्र की कई पुरानी परंपराएं लुप्त होती जा रही हैं, लेकिन चिंदर के ग्रामीणों ने सदियों पुरानी इस परंपरा को आज भी जीवित रखा है। मुंबई और अन्य शहरों में नौकरी तथा व्यवसाय के सिलसिले में रहने वाले ग्रामीण भी अपने परिवार और बच्चों के साथ बड़ी संख्या में इस अनूठे आयोजन में शामिल होने के लिए गांव पहुंचते हैं। अब ग्राम पलायन की तारीख घोषित होने के बाद सभी ग्रामीणों को इस परंपरागत आयोजन का बेसब्री से इंतजार है।
