-अरुण कुमार गुप्ता
दिल्ली की बीजेपी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास ६, फ्लैगस्टाफ रोड को एक बार फिर राजनीतिक अखाड़ा बना दिया है। शुक्रवार को मीडिया के लिए खोले गए इस बंगले में फर्नीचर से लेकर झूमर, सोफा, जैकूजी और दूसरी सुविधाओं तक पर कीमतों की पट्टियां लगाई गर्इं। बीजेपी सरकार का दावा है कि आवास के नवीनीकरण और साज-सज्जा पर ५८.८३ करोड़ रुपये खर्च किए गए। वहीं वैâग की रिपोर्ट में निर्माण और नवीनीकरण पर ३३.६६ करोड़ रुपये का खर्च दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और आम आदमी पार्टी वहां दोबारा सत्ता हासिल करने की तैयारी में जुटी है। ऐसे में दिल्ली के पुराने विवाद को फिर से सुर्खियों में लाकर बीजेपी ने केजरीवाल की आम आदमी वाली राजनीतिक छवि पर सवाल खड़े करने की कोशिश की है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने इस पूरी कवायद को राजनीतिक ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है। पार्टी का सवाल है कि दिल्ली प्रदूषण, यमुना की बदहाली और बुनियादी सुविधाओं जैसी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार की प्राथमिकता पुराने बंगले को राजनीतिक प्रदर्शन का केंद्र बनाना क्यों है?अब सवाल यह है कि क्या सरकारी आवास पर हुए खर्च का पूरा और पारदर्शी हिसाब जनता के सामने रखना ही इस अभियान का मकसद है या पंजाब चुनाव से पहले बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच सियासी जंग को नया मंच मिल गया है?
परिसीमन पर दक्षिण के
राज्यों की चिंता!
लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर देश में उत्तर-दक्षिण की राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण को २०२९ के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने की दिशा में नए सिरे से पहल करते हुए लोकसभा और राज्यों की विधानसभा सीटों में ५० फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने २७ नवंबर को इससे जुड़े नए विधेयकों को मंजूरी दी है। हालांकि, सरकार के इस नए फॉर्मूले के बावजूद दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी और प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों की चिंता की वजह यह है कि इन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में यदि परिसीमन में जनसंख्या को ही प्रतिनिधित्व का प्रमुख आधार बनाया गया, तो अधिक जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों की तुलना में दक्षिणी राज्यों की राजनीतिक ताकत प्रभावित हो सकती है।सरकार ने इस आशंका को दूर करने के लिए सभी राज्यों में मौजूदा लोकसभा सीटों के मुकाबले ५० फीसदी बढ़ोतरी और २०५१ तक राज्यों के बीच सीटों के अनुपात को स्थिर रखने का प्रस्ताव रखा है। इसके बावजूद कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने सवाल उठाया है कि सीटों की समानुपातिक बढ़ोतरी से दक्षिण और बाकी राज्यों के बीच सांसदों की वास्तविक संख्या का अंतर बढ़ सकता है। वहीं कांग्रेस का यह भी सवाल है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाना आखिर क्यों जरूरी है? दरअसल, यह विवाद केवल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है। इसके केंद्र में संघीय व्यवस्था, राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व का सवाल है।
