उमा सिंह
सीमा, रमा से…,
`रमा, ब्लॉग तो बना दिया है, लेकिन एक डर सता रहा है। कहीं इसे भी ब्लॉक न कर दें! आखिर इसमें कुछ सच्चाइयां जो लिख दी हैं।’
`अरे, तो इसमें डरने की क्या बात है?’
`डरने की बात नहीं है तो क्या खुशी मनाऊं? आजकल सच लिखने से पहले यह देखना पड़ता है कि सच लिखने की इजाजत है भी या नहीं!’
`अच्छा! तो अब ब्लॉग लिखने के लिए भी सरकार से एनओसी लेनी पड़ेगी क्या?’
`लगता तो यही है, पहले लिखो, फिर सोचो, फिर पोस्ट करो और पोस्ट करने के बाद भगवान से प्रार्थना करो कि अकाउंट सलामत रहे!’
गजबे है..! देश में डिजिटल आजादी का नया दौर चल रहा है। जनवरी से जून के बीच मेटा के ५४.३९ लाख कंटेंट और अकाउंट्स ब्लॉक किए जाने का आंकड़ा सामने आया है। यानी डिजिटल दुनिया में सफाई अभियान ऐसा चल रहा है कि सरकार की आलोचना दिखते ही उसे भी कचरा समझकर हटाने की नौबत आ रही है। अब सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने से पहले तीन बार सोचना पड़ता है। पहली बार कि लिखा क्या है, दूसरी बार कि किसके बारे में लिखा है और तीसरी बार कि कहीं लिखने के चक्कर में अपना ही अकाउंट न गंवा बैठें।
