– दादर-माहिम में दाना डालने वालों पर ५०० रुपए दंड,
– पहले क्यों नहीं रोकी गंदगी? शिकायत के बाद कार्रवाई
जेदवी / मुंबई
मुंबई में कबूतरों से फैलने वाली गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी खतरों को लेकर प्रशासन की कार्रवाई अब चौपाटियों तक पहुंच गई है। मुंबई हाई कोर्ट के निर्देश पर कबूतरखाने बंद करने के बाद अब बीएमसी दादर और माहिम चौपाटी पर कबूतरों को दाना डालने वालों से ५०० रुपए जुर्माना वसूलने की तैयारी में है। सवाल यह है कि कबूतरखाने बंद होने के बाद समुद्र तटों पर कबूतरों की बढ़ती भीड़ और गंदगी रोकने के लिए प्रशासन ने पहले प्रभावी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई?
बीएमसी के जी-नॉर्थ विभाग के सहायक आयुक्त योगेश देसाई के अनुसार, दादर और माहिम चौपाटी पर कबूतरों को दाना डालते पकड़े जाने पर मौके पर ही ५०० रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए दिन के अधिकांश समय विशेष कर्मचारियों और क्लीन-अप मार्शलों को तैनात किया जाएगा। साथ ही लोगों को चेतावनी देने के लिए सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
स्थानीय निवासियों और शिवाजी पार्क एडवांस्ड लोवैâलिटी मैनेजमेंट (एएलएम) की शिकायतों के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है। चौपाटियों पर कबूतरों की बीट, पंखों के कण और दुर्गंध से नागरिक परेशान हैं। इससे अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। हाई कोर्ट के निर्देश पर मुंबई के ५१ कबूतरखाने बंद किए गए थे, जिनमें दादर का कबूतरखाना भी शामिल था।
