मुख्यपृष्ठनए समाचारवोट चोरी के बाद अब ‘सीट चोरी’ का प्लान!

वोट चोरी के बाद अब ‘सीट चोरी’ का प्लान!

-राहुल गांधी का बड़ा हमला : ‘ऑपरेशन ८५०’ से लोकतंत्र खत्म करने की तैयारी
– परिसीमन के नाम पर चुनावी नक्शा बदलने का आरोप
-भाजपा को चाहिए निर्वाचन क्षेत्रों की मनमानी रचना का ब्लैंक चेक
-असम और जम्मू-कश्मीर में ‘पैक एंड क्रैक’ फॉर्मूले के इस्तेमाल का दावा
-परिसीमन आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर उठाए सवाल
-२०११ की बजाय २०२७ की जनगणना के इस्तेमाल की मांग
-मौजूदा ५४३ सीटों में ही महिला आरक्षण लागू करने की चुनौती

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर चुनावी व्यवस्था को अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप बदलने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने लोकसभा की सीटों की संख्या ५४३ से बढ़ाकर ८५० करने की प्रस्तावित व्यवस्था को भाजपा का ‘इलेक्टोरल एस्केप प्लान’ करार दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कथित हेरफेर के रास्ते पर विपक्ष और देश के युवाओं ने घेराबंदी शुरू कर दी है, इसलिए अब निर्वाचन क्षेत्रों का पूरा नक्शा बदलने की कोशिश की जा रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं, विशेषकर जेनरेशन-जी को ८५० का आंकड़ा याद रखना चाहिए। उनका आरोप है कि सीटों की संख्या बढ़ाने के पीछे उद्देश्य भाजपा को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार बदलने की व्यापक गुंजाइश उपलब्ध कराना है।
वोट पड़ने से पहले ही चुनाव जीतने की साजिश?
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इसके जरिए मतदान से पहले ही चुनावी समीकरणों को सत्तारूढ़ दल के पक्ष में करने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर के परिसीमन का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि विरोधी मतदाताओं को कहीं एक निर्वाचन क्षेत्र में समेटने तो कहीं अलग-अलग क्षेत्रों में बांटने की रणनीति अपनाई गई। राहुल ने इस रणनीति को ‘पैक एंड व्रैâक’ नाम दिया। राहुल गांधी ने परिसीमन आयोग की प्रस्तावित संरचना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नियुक्ति प्रक्रिया के माध्यम से आयोग पर सरकार का प्रभाव स्थापित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भविष्य में उनसे संबंधित और जानकारियां सार्वजनिक करने की बात कही। सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाते हुए राहुल ने कहा कि परिसीमन के लिए २०११ की जनगणना के बजाय २०२७ की जनगणना और जातीय जनगणना के नवीनतम आंकड़ों का इस्तेमाल होना चाहिए। उन्होंने महिला आरक्षण को मौजूदा ५४३ लोकसभा सीटों पर ही लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इसके लिए सीटों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है।राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा का यह प्रयास केवल परिसीमन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके दूरगामी परिणाम देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक न्याय पर पड़ेंगे। उन्होंने युवाओं से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
मतदान से पहले ही जीत का इंतजाम!
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए भाजपा ऐसी व्यवस्था तैयार करना चाहती है, जिसमें एक भी वोट पड़ने से पहले चुनावी समीकरण उसके पक्ष में हो जाएं। विरोधी दलों के प्रभाव वाले क्षेत्रों को विभाजित करके और अपने समर्थक मतदाताओं को नए निर्वाचन क्षेत्रों में जोड़कर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश होगी।
‘पैक एंड क्रैक’ से विपक्ष पर प्रहार
राहुल गांधी ने निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन की कथित रणनीति को ‘पैक एंड क्रैक’ बताया। पैक का मतलब विरोधी मतदाताओं को चुनिंदा निर्वाचन क्षेत्रों में समेट देना और क्रैक का मतलब उन्हें अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में बांट देना है। उन्होंने आरोप लगाया कि असम और जम्मू-कश्मीर में इस रणनीति का इस्तेमाल किया गया है।
असम में निर्वाचन क्षेत्र या राजनीतिक द्वीप?
राहुल गांधी ने असम के निर्वाचन क्षेत्रों के नक्शे दिखाते हुए उनके भौगोलिक स्वरूप पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कुछ निर्वाचन क्षेत्रों के हिस्से आपस में जुड़े तक नहीं हैं। उनका आरोप है कि इन क्षेत्रों की सीमाएं प्राकृतिक और प्रशासनिक जरूरतों के बजाय भाजपा के चुनावी हितों को ध्यान में रखकर निर्धारित की गर्इं।
एआई से चुनावी इंजीनियरिंग का खतरा
राहुल गांधी ने कहा कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में विभिन्न सामाजिक समूहों के भौगोलिक वितरण का विश्लेषण करना आसान हो गया है। उन्होंने आशंका जताई कि जातीय, सामाजिक और राजनीतिक आंकड़ों के इस्तेमाल से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह बदली जा सकती हैं कि कुछ समुदायों का राजनीतिक प्रभाव कमजोर हो जाए।
१४ करोड़ वोटरों का रहस्य, चुनाव की वैधता पर सवाल
राहुल गांधी ने दावा किया कि २०२४ के लोकसभा चुनाव के समय मतदाता रहे १४ करोड़ लोगों को बाद में चुनाव आयोग ने गैर-मौजूद अथवा अपात्र माना।
मोदी को चाहिए ‘ब्लैंक चेक’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने के लिए एक ब्लैंक चेक चाहिए।
परिसीमन आयोग पर कब्जे की तैयारी!
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के बाद अब परिसीमन आयोग को भी सरकारी नियंत्रण में लाने की कोशिश का आरोप लगाया।
४० साल के लिए सामाजिक न्याय पर ताला!
राहुल गांधी ने आशंका जताई कि २०११ की जनगणना के आधार पर परिसीमन किए जाने से दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और अन्य वंचित समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आबादी में बदलाव के बावजूद इन समुदायों के प्रतिनिधित्व को लंबे समय तक पुराने आंकड़ों के आधार पर सीमित रखा जाएगा।
जातीय जनगणना से क्यों भाग रही सरकार?
राहुल गांधी ने सवाल किया कि जब देश में नई जनगणना और जातीय आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया चल रही है, तो परिसीमन के लिए २०११ के आंकड़ों पर जोर क्यों दिया जा रहा है? उन्होंने मांग की कि निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन में २०२७ की जनगणना और नवीनतम जातीय आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाए।
महिला आरक्षण बहाना, निशाने पर चुनावी नक्शा!
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के पक्ष में है और इसे तत्काल लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार को चुनौती दी कि मौजूदा ५४३ लोकसभा सीटों में ही एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएं। उनका आरोप है कि महिला आरक्षण को निर्वाचन क्षेत्रों की पुनर्रचना का बहाना बनाया जा रहा है।
विपक्षी नेताओं की सीटों पर चलेगी कैंची?
राहुल गांधी ने आशंका जताई कि परिसीमन के जरिए विपक्ष के प्रभावशाली और उभरते हुए नेताओं को राजनीतिक रूप से कमजोर किया जा सकता है। उनके निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलकर समर्थक मतदाताओं को दूसरे क्षेत्रों में भेजने अथवा नए मतदाताओं को जोड़ने से उनके चुनावी समीकरण प्रभावित करने का प्रयास किया जा सकता है।
महाराष्ट्र से बंगाल तक ‘वोट चोरी’ के आरोप
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में वृद्धि, बिहार में मतदाताओं के नाम हटाने, कर्नाटक में कथित फर्जी मतदाताओं तथा हरियाणा में विदेशी महिला की तस्वीर वाली मतदाता प्रविष्टियों का उल्लेख किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनावी परिणामों पर भी सवाल उठाते हुए चुनावी अनियमितताओं का आरोप लगाया।
वोट चोरी का ४५ फीसदी रास्ता किया बंद!
राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस और देश के युवाओं ने कथित वोट चोरी के रास्ते को काफी हद तक बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगभग ४५ प्रतिशत सफलता मिली है। उनका आरोप है कि इसी घेराबंदी के चलते भाजपा अब परिसीमन के माध्यम से नया चुनावी रास्ता तलाश रही है।
‘वाराणसी में भी हारे थे मोदी’
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की २०२४ की चुनावी जीत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा तीसरा लोकसभा चुनाव वास्तव में हार चुकी थी और प्रधानमंत्री भी वाराणसी में हार गए थे। हालांकि, चुनाव आयोग के आधिकारिक परिणामों में नरेंद्र मोदी को विजयी घोषित किया गया था।
`अडानी के लिए देश की संपत्ति पर नजर’
राहुल गांधी ने चुनावी व्यवस्था में कथित बदलावों को आर्थिक नीतियों से भी जोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने की भाजपा की कोशिशों के पीछे बड़े उद्योगपतियों के हित हैं। उन्होंने गौतम अडानी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि देश की संपत्ति और संसाधनों को उनके हाथों में सौंपा जा रहा है।
जेन-जी बनी राहुल की नई पार्टनर
राहुल गांधी ने देश के युवाओं को संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई में अपना साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी भाजपा से डरती नहीं है। युवाओं की ऊर्जा और अभिव्यक्ति से उत्साहित राहुल ने विश्वास जताया कि देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
विदेश भागे तो भी पकड़कर लाएंगे!
राहुल गांधी ने भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कथित चुनावी अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेही से बचने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोग किसी दूसरे देश में भी चले जाएं, तो उन्हें वापस लाया जाएगा। उन्होंने संविधान और भारत माता की रक्षा करने का संकल्प दोहराया।

भाजपा बनाम राहुल गांधी…परिसीमन पर क्या है टकराव?
मुद्दा               राहुल के मुताबिक भाजपा की योजना     राहुल का प्रस्ताव
लोकसभा सीटें     अधिकतम ८५०                         मौजूदा ५४३
जनगणना           २०११                                  २०२७
जातीय आंकड़े          इस्तेमाल नहीं                        इस्तेमाल हो
परिसीमन आयोग   सरकार के प्रभाव वाली नियुक्तियां     निष्पक्ष एवं द्विदलीय प्रतिनिधित्व
महिला आरक्षण       नए परिसीमन के साथ         वर्तमान सीटों पर तत्काल
निर्वाचन क्षेत्र        व्यापक पुनर्गठन              निष्पक्ष पुनर्गठन

मौजूदा लोकसभा सीटें – ५४३
प्रस्तावित अधिकतम सीमा – ८५०
अधिकतम संभावित वृद्धि – ३०७
महिला आरक्षण – ३३ फीसदी
राहुल के दावे के अनुसार
विवादित मतदाता – १४ करोड़
राहुल की मांग,
जनगणना का आधार  – २०२७
लोकसभा सीटों की
अधिकतम प्रस्तावित वृद्धि  – वर्तमान – ५४३

अन्य समाचार