जागरूकता कार्यक्रम
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
यूपी की विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से जिला विज्ञान क्लब ने शनिवार को में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा समाज में फैले अंधविश्वासों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
सनबीम स्कूल परिसर में कार्यक्रम का शुभारंभ किया प्रधानाचार्य डॉ शरणजीत कौर ने। बतौर मुख्य अतिथि हिंदी साहित्य के सुपरिचित आलोचक डा. राधेश्याम सिंह व रिसोर्स पर्सन अंजलि ढाका ने दीप प्रज्वलन किया। आलोचक डा. सिंह ने कहा कि आज के युग में विज्ञान ही हमें तर्क सत्य और प्रगति का मार्ग दिखाता है। अंधविश्वास समाज के मार्ग में बाधक है। इसलिए विद्यार्थियों को बचपन से ही वैज्ञानिक सोच अपनानी चाहिए। रिसोर्स पर्सन ढाका ने चमत्कारी कलश, स्वतः अग्नि प्रज्वलन, आंख बंद कर रंगों की पहचान जैसे चमत्कारों को दिखलाकर उसकी वैज्ञानिक व्याख्या की।
इस अवसर पर जिले के कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पोस्टर और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। पोस्टर मेकिंग में प्रथम स्थान रिया वर्मा (केएनआईसीई लाल डिग्गी), द्वितीय स्थान आद्रिका वर्मा (सनबीम), तृतीय स्थान निखिल दूबे (एसके प्रेसीडेंसी) तथा स्लोगन राइटिंग में प्रथम स्थान इशिता पाल (सनबीम), द्वितीय स्थान आदर्श (एसके प्रेसीडेंसी) तथा तृतीय स्थान कृष्णा सोनी (सनबीम) ने प्राप्त किया। स्लोगन राइटिंग में प्रथम स्थान इशिता पाल (सनबीम), द्वितीय स्थान आदर्श (एसके प्रेसीडेंसी) तथा तृतीय स्थान कृष्णा सोनी (सनबीम)ने प्राप्त किया। वर्किंग मॉडल में एस के प्रेसीडेंसी स्कूल के अंशुमान शुक्ल ने प्रतियोगिता में जीत हासिल की।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अंधविश्वास त्याग कर वैज्ञानिक सोच अपनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन क्लब समन्वयक शैलेन्द्र चतुर्वेदी ने किया।
