सामना संवाददाता / मुंबई
डोंबिवली-पश्चिम के महात्मा फुले रोड पर स्थित नवागांव राजस्व सीमा के गायकवाड़ वाड़ी क्षेत्र में अवैध बंगला बनाने वाले दो भू-माफियाओं के खिलाफ मनपा के एच विभाग के सहायक आयुक्त राजेश सावंत की पहल पर अधीक्षक अर्जुन वाघमारे ने विष्णु नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बंगला बनाने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ महाराष्ट्र क्षेत्रीय नगर नियोजन एवं योजना अधिनियम (एमआरटीपी) के तहत मामला दर्ज किया है।
माफियाओं में मचा हड़कंप
गौरतलब हो कि पिछले दस दिनों से एच वार्ड के सहायक आयुक्त राजेश सावंत ने डोंबिवली-पश्चिम में इन इमारतों को अवैध घोषित करते हुए उन्हें ध्वस्त करने के लिए नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है, जिससे भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
हाजिर नहीं हुए भवन निर्माता
मनपा की शिकायत में कहा गया है कि भूमाफियाओं ने कल्याण-डोंबिवली मनपा से निर्माण अनुमति प्राप्त किए बिना अवैध बंगले का निर्माण किया है, जो गैरकानूनी है। इस अवैध बंगले की प्रमाणिकता साबित करने के लिए मनपा के सहायक आयुक्त ने निर्माणकर्ताओं को दस्तावेज दायर करने और सुनवाई में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किए थे, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। मनपा सहायक आयुक्त ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माणकर्ताओं के खिलाफ विष्णु नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। आगे मामले की जांच पुलिस कर रही है।
रडार पर भूमाफियाओं के बंगले
बताया जाता है कि दस दिन पहले एच वार्ड ने कुंभारखानपाड़ा क्षेत्र में साई रेजीडेंसी भवन को अवैध घोषित किया और कार्रवाई का नोटिस जारी किया। मनपा अधिकारी ने विष्णु नगर पुलिस स्टेशन में ठाकुरवाड़ी में साई तीर्थ की अवैध इमारतों के भू-माफियाओं के खिलाफ एमआरटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। इसके साथ ही भूमाफियाओं के बंगले मनपा के रडार पर आ गए हैं।
