मुख्यपृष्ठनए समाचारदिल्लीश्वरों को खुश करने के लिए राज्य को अडानी की जेब में...

दिल्लीश्वरों को खुश करने के लिए राज्य को अडानी की जेब में डालने की साजिश!…शिवसेना विधायक भास्कर जाधव ने लगाया आरोप

– स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में शिवसेना ने निकाला मोर्चा
सामना संवाददाता / मुंबई
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में दावे के साथ कहा था कि स्मार्ट मीटर सिर्फ सरकारी कार्यालयों में ही लगाए जाएंगे। निजी घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे। अब सरकारी अधिकारी खुद ही निजी घरों में स्मार्ट मीटर लगाने के सरकारी आदेश को दिखाकर कह रहे हैं कि हम तो सिर्फ सरकार के निर्देश पर अमल कर रहे हैं। यह सरकार झूठी है, ऐसा आरोप शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी के नेता और विधायक भास्कर जाधव ने लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार दिल्लीश्वरों को खुश करने के लिए अडानी को सलाम कर रही है। मुंबई के बाद अब राज्य को महावितरण के जरिए अडानी की जेब में डालने की साजिश चल रही है।
नागरिकों में फैला आक्रोश
चिपलूण तालुका के दो जिला परिषद खेरडी और पेढे में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के खिलाफ शिवसेना ने महावितरण कार्यालय तक मोर्चा निकाला। इस अवसर पर शिवसेना नेता व विधायक भास्कर जाधव ने राज्य सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के विरोध के बावजूद महावितरण जबरन स्मार्ट मीटर लगा रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
शिवसेना ने लिया आड़े हाथों
चिपलूण तालुका के खेरडी और पेढे जिला परिषद स्थित महावितरण कार्यालय के अधिकारियों द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर शिवसेना विधायक ने जमकर अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। जिन अधिकारियों ने विधायक को बताया कि हमारे पास राज्य और केंद्र सरकारों से आदेश हैं, इस पर जाधव ने अधिकारियों से सवाल किया कि ‘क्या आपने विधानसभा में मुख्यमंत्री का भाषण सुना था’ उन्होंने यह भी सवाल किया कि ‘क्या आपने यह भी देखा कि बंद घरों को देखकर पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदला जा रहा है। यह स्मार्ट मीटर किससे पूछकर लगाए जा रहे हैं?’ भास्कर जाधव ने मामले की पुलिस जांच कराने की मांग की।
अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
इस मौके पर जाधव ने महावितरण के अधिकारियों को स्मार्ट मीटर न लगाने की मांग का एक ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता और विधायक भास्कर जाधव, तालुका प्रमुख बलिराम गूजर, चिपलूण विधानसभा संगठक बाला कदम, युवासेना के उमेश खताते और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

अन्य समाचार