मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में भी हो सकता है दिल्ली जैसा हादसा!.. सेंट जॉर्ज अस्पताल...

मुंबई में भी हो सकता है दिल्ली जैसा हादसा!.. सेंट जॉर्ज अस्पताल आग के खतरे में!.. अवैध पार्किंग बनी मुसीबत

सामना संवाददाता / मुंबई

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित `फ्लरिश स्टे’ होटल में ३ जून की सुबह लगी भीषण आग में २१ लोगों की दर्दनाक मौत और २८ लोगों के घायल होने की घटना ने देशभर में अग्नि सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में होटल की सुरक्षा संबंधी कई गंभीर खामियां सामने आई थीं। ऐसे में मुंबई के कई अस्पतालों और सार्वजनिक संस्थानों में भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी चिंता का विषय बनती जा रही है।
बता दें कि दक्षिण मुंबई का सबसे पुराना और महत्वपूर्ण सरकारी अस्पतालों में शामिल ४५० बेड वाला सेंट जॉर्ज अस्पताल भी इसी तरह की लापरवाही का शिकार नजर आ रहा है। अस्पताल परिसर में अवैध रूप से खड़ी दर्जनों गाड़ियों ने सुरक्षा व्यवस्था को गंभीर खतरे में डाल दिया है।
लावारिस वाहनों का अड्डा बना सेंट जॉर्ज अस्पताल
सेंट जॉर्ज अस्पताल परिसर में अवैध रूप से खड़ी दर्जनों गाड़ियों ने सुरक्षा व्यवस्था को गंभीर खतरे में डाल दिया है। इनमें कई वाहन ऐसे हैं, जो महीनों से लावारिस हालत में खड़े बताए जाते हैं। अस्पताल कर्मचारियों के अनुसार, अवैध और लावारिस वाहनों के कारण परिसर के कई रास्ते इतने संकरे हो गए हैं कि किसी आपातकालीन स्थिति में दमकल की गाड़ियों और एंबुलेंस को अंदर आने-जाने में भारी कठिनाई हो सकती है। हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद ट्रैफिक पुलिस और संबंधित प्रशासनिक एजेंसियां इस ओर ध्यान नहीं दे रही हैं।
हाल ही में अस्पताल परिसर में खड़ी एक लावारिस कार में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। गनीमत रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। रिपोर्ट के अनुसार, कार की बैटरी में विस्फोट होने के कारण आग लगी थी। बताया जाता है कि यह वाहन करीब दो वर्षों से वहीं खड़ा था। अस्पताल के एक कर्मचारी ने बताया कि परिसर धीरे-धीरे मुफ्त पार्किंग स्थल में तब्दील होता जा रहा है। कई वाहन सप्ताहों और महीनों तक बिना किसी कार्रवाई के खड़े रहते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि भविष्य में कोई बड़ी आपात स्थिति उत्पन्न होती है, तो अव्यवस्थित पार्किंग मरीजों और बचाव कार्यों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।

अन्य समाचार