सामना संवाददाता / मुंबई
महामुंबई के अंतर्गत आनेवाले मुंबई ठाणे, भिवंडी, मीरा-भायंदर सहित अन्य शहरों में आम लोगों को अक्सर भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। २० मिनट के सफर के लिए २ घंटे का वक्त भी कम पड़ता है। ऐसे में कई शिकायतें राज्य की महायुति सरकार को लोग तमाम माध्यमों से करते रहे हैं। इसके बावजूद यह सरकार ‘सब अच्छा है’ के झूठे दावे करती रहती है। महामुंबई कि सड़कों पर गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ सड़कें तो हैं ही, कहीं तोड़फोड़ तो कहीं आधे रास्ते गायब जैसी हालत से लोग तंग आ चुके हैं। सड़कों के निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार सामने आ रहे हैं। ऐसे में आए दिन सरकार के दावों की पोल खुल रही है। इसी क्रम में मंगलवार को एक अभिनेत्री ने खस्ताहाल सड़क का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो को राज्य के सड़क परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक को भी टैग किया। वीडियो टैग करते समय उन्होंने जो लिखा वह तो गजब का तंज है।
शुक्र है पीठ की हड्डियां सलामत हैं
ऊबड़-खाबड़ गड्ढे वाली सड़क का वीडियो पोस्ट करते हुए उस अभिनेत्री ने लिखा कि ‘बहुत सुंदर सड़क है। भगवान का शुक्र है कि अभी तक पीठ की हड्डियां सलामत हैं।’ इस पर नेटिजंस ने परिवहन मंत्री की जमकर खिंचाई की है। उनके कमेंट बॉक्स में राज्य सरकार की जमकर खिल्ली उड़ाई गई है। लोग भ्रष्टाचारी महायुति सरकार को कोसते नहीं थक रहे हैं।
कटघरे में शिंदे
यह मामला ठाणे शहर और मीरा रोड को जोड़ने वाले घोडबंदर रोड का है। वहां से यात्रा कर रही दिग्गज अभिनेत्री ऋतुजा बागवे ने सड़क की खराब हालत को लेकर सरकार पर यह तंज कसा है। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद लोग राज्य के शहरी विकास और पीडब्ल्यूडी मंत्री एकनाथ शिंदे के कामकाज पर भी सवाल उठा रहे हैं।
मंत्री जी बताएं, कब दुरुस्त होंगी शहर की सड़कें?..महायुति सरकार से नेटिजंस कर रहे हैं सवाल
एकनाथ शिंदे पिछले कई वर्षों से नगर विकास मंत्री रहे हैं, सीएम रहे हैं और अब उप मुख्यमंत्री हैं फिर भी मुंबई-ठाणे की सड़कों की हालत बेहद खराब है। हाल ही में एक अभिनेत्री ने शहर की सड़क की दुदर्शा का जिक्र करते हुए एक वीडियो परिवहन मंत्री को टैग किया है। इसके बाद नेटिजंस महायुति सरकार के साथ ही शिंदे और प्रताप सरनाईक पर खूब कमेंट कर रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि मंत्री जी बताएं, कब दुरुस्त होंगी शहर की सड़कें?
बता दें महामुंबई में लगातार सड़कों को लेकर शिकायतें सामने आती रहती हैं। कई कलाकार भी इस बारे में शिकायत करते हुए दिखाई देते हैं। सड़कों पर गड्ढों को लेकर भी कई सेलिब्रिटीज सोशल मीडिया पर पोस्ट करते रहते हैं। कई बार कलाकारों को अपने शूटिंग स्थल तक इसी सड़क से होकर जाना पड़ता है और जाम या सड़क की दुर्व्यवस्था के कारण शूटिंग पर पहुंचने में देर हो जाती है। जुई गडकरी, सुरभी भावे, रुपाली भोसले और मिलिंद फाटक जैसे कलाकार पहले भी इस विषय पर अपनी नाराजगी जता चुके हैं। ऋतुजा बागवे को भी घोडबंदर रोड पर बाकी कलाकारों जैसा ही अनुभव हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने प्रताप सरनाईक पर भी हल्का तंज कसा है। उन्होंने लिखा, ‘बहुत सुंदर सड़क, घोडबंदर रोड…पीठ की हड्डी अभी तक सलामत है इसलिए साष्टांग नमस्कार।’
