राजेश सरकार
प्रयागराज। गंगानगर के उतरांव थानाक्षेत्र में रहीमपट्टी गांव में मंगलवार देर रात एक बारात में एचटी करंट की चपेट में आने से आतिशबाज की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग झुलसे हैं। अचानक आई इस विपदा से अफरा तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि द्वाराचार के समय डीजे पर एचटी करंट के उतर जाने से घटना हुई। फूलपुर के शाहापुर गांव निवासी एक शिक्षक के बेटे की बारात उतरांव थाना क्षेत्र के रहीम पट्टी गांव निवासी एक लेखपाल के घर को निकली। बड़ी धूमधाम से डीजे की धुन पर रंगबिरंगी रोड लाइट के साथ थिरकते लोग बारात के लिए प्रस्थान किए। बारात जैसे ही निकली ऊपर से 11000 वोल्ट का तार टूट कर डीजे पर गिर गया। तार रोडलाइट की छतरी पर गिरते ही वहां मौजूद आतिशबाज अंसार (45) निवासी भनेवरा,फूलपुर चपेट में आ गया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। करंट की चपेट में आने से आधा दर्जन लोग झुलसे हैं। थोड़ी ही देर में बारात की खुशियां मातम में बदल गईं।चारों तरफ चीख-पुकार मची रही। घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतक आतिशबाज अंसार का शव परिजन घर उठा लाए जिसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
