मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा-भायंदर की मतदाता सूची में गड़बड़ घोटाला! ... मनपा आयुक्त ने की...

मीरा-भायंदर की मतदाता सूची में गड़बड़ घोटाला! … मनपा आयुक्त ने की नागरिकों से मुलाकात

सुरेश गोलानी / मुंबई
प्रारूप मतदाता सूची (मसौदा) में बड़ी संख्या में हेरफेर और त्रुटियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मीरा-भायंदर महानगरपालिका आयुक्त राधा बिनोद शर्मा ने मंगलवार को शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित इमारतों का दौरा किया। आयुक्त ने आपत्तियों और सुझाव दर्ज करनेवाले नागरिकों के साथ प्रत्यक्ष मुलाकात कर उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों और आपत्तियों की पुष्टि तथा निवारण करने के उद्देश्य से छानबीन की।
अधिकारियों को मतदाता सूची की त्रुटियों की जांच कर उन्हें तुरंत सुधारने का निर्देश देने के साथ ही आयुक्त ने नागरिकों और हाउसिंग सोसाइटियों में घर-घर जाकर जांच के दौरान चुनाव अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करने का भी आग्रह किया। शर्मा ने कहा कि आगामी चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और त्रुटियों को दूर करके मतदाता सूची को सटीक और समावेशी बनाने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है। इस दौरे में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा अतिरिक्त आयुक्त प्रियंका राजपूत, उप आयुक्त कविता बोरकर और नगर सचिव दिनेश कानगुडे भी शामिल थे।
ज्ञात हो कि २० नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में पाई गई गंभीर गड़बड़ियों के खिलाफ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), कांग्रेस और मनसे जैसे विपक्षी दलों ने जोरदार विरोध किया था। आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत कई वार्डों में हजारों नाम एक साथ गायब हो गए थे, जबकि कुछ स्थानों पर दूसरे वार्डों की पूरी सूची को स्थानांतरित कर दिया गया था, जो किसी अजूबे से कम नहीं है। उल्लेखनीय है कि बड़ी संख्या में पाई गई त्रुटियों को देखते हुए राज्य चुनाव आयोग ने मतदाता सूची पर आपत्ति और सुझाव दर्ज करने की अंतिम तिथि २७ नवंबर से बढ़ाकर ३ दिसंबर तक कर दिया था। मनपा के अनुसार, राज्य चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित वार्ड-वार मतदाता सूची का मसौदा १ जुलाई, २०२५ की निर्धारित तिथि तक विधानसभा मतदाता सूची के आधार पर तैयार किया गया है।

अन्य समाचार