मुख्यपृष्ठनए समाचारप्रयागराज की हवा में घुला 'धीमा जहर'...सांसों पर संकट

प्रयागराज की हवा में घुला ‘धीमा जहर’…सांसों पर संकट

राजेश सरकार / प्रयागराज

संगम नगरी प्रयागराज और औद्योगिक क्षेत्र नैनी इस समय प्रदूषण के एक ऐसे भयानक जाल में फंस चुके हैं, जहां आम आदमी का सांस लेना भी दूभर हो गया है। दिवाली त्योहार के दौरान जहरीला धुआं इस शहर की आबो-हवा में घुला है, उसने यहां के नागरिकों की जिंदगी को दांव पर लगा दिया है। आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि ८ नवंबर को दिवाली की रात से ही प्रदूषण ने जो रफ्तार पकड़ी, उसने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।
८ और ९ नवंबर का खौफनाक सरकारी सच
कागजों और एयर मॉनिटरिंग स्टेशनों से छनकर जो आंकड़े आ रहे हैं, वे रूह कपां देने वाले हैं। ८ नवंबर (दिवाली की रात) को जैसे ही पटाखों का शोर शुरू हुआ, शहर का एक्यूआई तेजी से चढ़ते हुए ३६० से ३८० के पार चला गया। लेकिन असली खतर ९ नवंबर सोमवार को देखने को मिल रही है, जब लाइव ट्रैकिंग इंडेक्स में प्रयागराज का अधिकतम एक्यूआई ४१० से ४४० के उस पार चला गया है, जिसे ‘बेहद खतरनाक और गंभीर’ माना जाता है। ९ नवंबर को कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय लाइव एयर रैंकिंग्स में प्रयागराज प्रदूषण के मामले में देश के सबसे ऊपरी पायदानों पर ट्रेंड कर रहा है! पूरे नैनी औद्योगिक क्षेत्र और मुख्य शहर में जहरीले स्मॉग (कोहरे और धुएं का मिश्रण) की मोटी चादर लिपटी हुई है और सांस लेना दूभर हो गया है। १० नवंबर मंगलवार के लिए भी जो अनुमान जताए जा रहे हैं, उसके मुताबिक स्थिति में सुधार की कोई गुंजाइश नहीं दिख रही है।
यह सिर्फ एक सरकारी आंकड़ा नहीं, बल्कि इस शहर के लाखों लोगों की फेफड़ों पर हो रहा सीधा प्रहार है। हवा में तैरते पीएम 2.5 और पीएम 10 के बारीक घातक कण आज हर नागरिक के शरीर में सीधे प्रवेश कर रहे हैं। अस्पतालों के ओपीडी में अचानक से आंखों में जलन, सीने में जकड़न, गले में खराश और सांस की बीमारियों से तड़पते मरीजों की कतारें लंबी होने लगी हैं। मासूम बच्चों और बुजुर्गों के लिए तो यह माहौल किसी कालचक्र से कम नहीं है।

अन्य समाचार