अनिल मिश्र / पटना
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी डॉ. राकेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास की देखरेख में 8 नवबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी के कार्यालय परिसर में ‘एक दीया विधिक सेवा के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर प्राधिकार के सभी कर्मचारियों एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS) के पदाधिकारियों ने आकर्षक रंगोली बनाकर तथा दीप प्रज्वलित कर विधिक सेवा, न्याय एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सभी पारा विधिक स्वयंसेवकों (PLV) ने अपने-अपने गांव एवं पंचायतों में ‘एक दीया विधिक सेवा के नाम’ अभियान चलाया। इसके माध्यम से आमलोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा न्याय तक सुलभ पहुंच के महत्व से अवगत कराया गया। इसी क्रम में 9 नवंबर को विधिक सेवा दिवस के अवसर पर पारा विधिक स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया तथा पम्पलेट वितरित कर लोगों को विधिक सेवाओं की जानकारी दी। इस अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की रोशनी पहुंचाने और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. राकेश कुमार सिंह एवं प्राधिकार के सचिव अरविन्द कुमार दास ने PLV तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे विधिक सेवा प्राधिकार की निःशुल्क विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। विशेषकर गरीब, वंचित, कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अथवा सामाजिक कारणों से न्याय पाने से वंचित न रहे। विधिक सेवा का उद्देश्य केवल न्यायालय तक न्याय पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना है। एक दीया इसी न्याय, समानता और जागरूकता के संकल्प का प्रतीक है।
