मुख्यपृष्ठनए समाचारपटाखों के धुएं में घुटी मुंबई की सांसें!

पटाखों के धुएं में घुटी मुंबई की सांसें!

-हाई कोर्ट के प्रतिबंध को ठेंगा, दिवाली के बाद जहरीली हुई हवा
– पटाखों के धुएं ने बिगाड़ी मुंबई की आबोहवा, एक्यूआई 171 पर पहुंचा
– नौ निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में

सामना संवाददाता / मुंबई
दिवाली की आतिशबाजी ने मुंबई की आबोहवा में जहर घोल दिया है। पहले से ही प्रदूषण की मार झेल रहे महानगर की सांसें पटाखों के धुएं से और घुटने लगी हैं। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर बॉम्बे हाई कोर्ट की रोक के बावजूद रविवार रात मुंबई और उपनगरों में देर रात तक जमकर आतिशबाजी हुई। नतीजा यह हुआ कि हवा में धूल, जहरीले कणों और हानिकारक रासायनिक तत्वों का स्तर तेजी से बढ़ गया। सोमवार सुबह शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 171 पर पहुंच गया।
हैरानी की बात यह है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बीएमसी और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से चलाए गए जागरूकता अभियानों का भी आतिशबाजी करने वालों पर खास असर नहीं दिखाई दिया। हाई कोर्ट ने सितंबर में सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन रविवार रात कई इलाकों में आधी रात तक पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। शनिवार को 108 रहा औसत एक्यूआई रविवार रात 151 तक पहुंच गया और सोमवार सुबह 171 दर्ज किया गया।
खेरवाड़ी में सबसे जहरीली हवा
प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नौ निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। खेरवाड़ी में एक्यूआई 266, सिल दिया में 239, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में 237, नेवी नगर में 229, देवनार में 228, घाटकोपर में 223, बीकेसी (एमपीसीबी) में 215, चेंबूर में 214 और शिवाजी नगर (गोवंडी) में 213 दर्ज किया गया।
विकास के नाम पर भी प्रदूषण की मार
मुंबई की हवा पहले से ही निर्माण कार्यों, धूल उड़ाते निर्माण स्थलों और वाहनों के धुएं से प्रदूषित हो रही है। अक्टूबर की शुरुआत से बिगड़ती वायु गुणवत्ता पर अब पटाखों के प्रदूषण ने और चोट पहुंचाई है। हवा की धीमी रफ्तार के कारण प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक टिके हुए हैं। रविवार रात कई इलाकों में धुएं के कारण दृश्यता भी प्रभावित हुई। नागरिकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पटाखों से आग लगने की घटनाओं ने भी खतरे को बढ़ाया है। सवाल यह है कि आखिर प्रतिबंध और जागरूकता अभियान के बावजूद मुंबईकरों को जहरीली हवा से राहत कब मिलेगी?

अन्य समाचार