सामना संवाददाता / जौनपुर
सुइथाकला क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार मंगलेश्वर त्रिपाठी ‘मुन्ना’ (49) का शनिवार रात हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उन्होंने अढ़नपुर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
मंगलेश्वर त्रिपाठी ने गांव से लेकर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘दोपहर का सामना’ सहित कई समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दीं। उनके पुत्र ओमकार त्रिपाठी भी पत्रकारिता से जुड़े हैं।
उनके निधन पर शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार का असामयिक निधन पत्रकारिता जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। अंतिम विदाई में परिजनों, शुभचिंतकों और पत्रकारों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
