मुख्यपृष्ठनए समाचारनैनी में मिठाई दुकानदार को हाई कोर्ट में अधिकारी होने का रौब...

नैनी में मिठाई दुकानदार को हाई कोर्ट में अधिकारी होने का रौब दिखाने का आरोप

– न्यायालय में प्रार्थना-पत्र देकर दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग

राजेश सरकार / प्रयागराज

नैनी स्टेशन के सामने मिठाई की दुकान चलाने वाले दुकानदार ने दो नामजद व्यक्तियों समेत अज्ञात के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। आरोप है कि आरोपितों ने हाईकोर्ट में समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत होने का दावा करते हुए दुकानदार पर रौब गांठा। मामले में न्यायालय से कार्रवाई की गुहार लगाई गई है।
न्यायालय एसीजेएम कक्ष संख्या-15, प्रयागराज में दाखिल प्रार्थना-पत्र में चाका निवासी लगभग 50 वर्षीय प्रार्थी ने बताया कि नैनी स्टेशन के ठीक सामने उसकी मिठाई की दुकान करीब 20-25 वर्षों से संचालित है। यहां बड़ी संख्या में लोग मिठाई खरीदने आते हैं। प्रार्थना-पत्र के अनुसार विपक्षी संख्या-एक भगवती प्रसाद मिश्र भी मिठाई लेने के लिए दुकान पर आता-जाता था। इसी दौरान दुकानदार और उसके बीच जान-पहचान बढ़ गई तथा प्रार्थी उस पर विश्वास करने लगा।
आरोप है कि पूछताछ करने पर विपक्षी ने स्वयं को हाईकोर्ट में समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत बताया। प्रार्थना-पत्र में विपक्षी संख्या-दो के रूप में रविकुश मिश्र तथा दो अज्ञात व्यक्तियों का भी उल्लेख किया गया है।
मामले में घटना की तारीख 7 फरवरी 2026 तथा समय शाम तीन बजे का उल्लेख है। घटना दुकानदार की मिठाई की दुकान के अंदर और बाहर सड़क पर होना बताया गया है। प्रार्थी ने न्यायालय से मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
न्यायालयीय प्रार्थना-पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

अन्य समाचार