-तेजस्वी का सम्राट सरकार पर तीखा हमला
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विजयादशमी और दशहरा के मौके पर मंगलवार को प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बेरोजगारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध और भ्रष्टाचार को बिहार का दशानन बताया। तेजस्वी ने लोगों से इन समस्याओं को खत्म करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसी व्यवस्था बननी चाहिए, जिसमें हर हाथ को काम मिले और हर घर खुशहाल बने।
तेजस्वी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। इस दिन बिहार की समस्याओं को दूर करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने बेरोजगारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन को राज्य के विकास में बाधा बताया। उन्होंने कहा कि ये समस्याएं बिहार को अंदर से खोखला कर रही हैं।
राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी ने बिहार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में बिहार देश के सबसे पिछड़े राज्यों में है। प्रदेश के कई लोगों को अच्छे स्कूल, सड़क और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
