मुख्यपृष्ठनए समाचारमिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में टायर फटने से अनियंत्रित ट्रक घर...

मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में टायर फटने से अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा…तीन की दर्दनाक मौत…दो गंभीर घायल

उमेश गुप्ता / वाराणसी

मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास गुरुवार तड़के करीब तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से सोनभद्र जा रहे एक ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। हादसे में मलबे की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अहरौरा थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़, चुनार ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे में कुदारन निवासी 47 वर्षीय राजाराम, 70 वर्षीय सुखिया और 45 वर्षीय चाँदतारा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, मुजेहरा देहात कोतवाली निवासी 12 वर्षीय सुहानी और कुदारन निवासी 45 वर्षीय सुनील शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और राहत कार्य में पुलिस का सहयोग किया। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद एडिशनल एसपी और मड़िहान क्षेत्राधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

अन्य समाचार

हम दोनों!