सामना संवाददाता / मुंबई
राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज जयंती के उपलक्ष्य में राजर्षि शाहू स्तंभ स्मृति समिति, मुंबई तथा राजर्षि शाहू सलोखा मंच के संयुक्त तत्वावधान में 18 जून से 26 जून 2026 तक आयोजित राज्यस्तरीय निबंध एवं काव्य लेखन प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।
इस वर्ष की निबंध प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक ‘दोपहर का सामना’ के मंत्रालय प्रतिनिधि राजन पारकर (मुंबई) को प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। उनके निबंध को निर्णायकों ने विषय की गहराई, ऐतिहासिक दृष्टि और सामाजिक सरोकारों की उत्कृष्ट अभिव्यक्ति के आधार पर प्रथम स्थान के लिए चयनित किया है।
काव्य प्रतियोगिता में अमित माने (कल्याण) को प्रथम तथा अमरसिंह जगदाळे (कोल्हापुर) को द्वितीय पुरस्कार घोषित किया गया है।
विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र तथा राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की प्रतिमा प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
समिति के अनुसार, इस प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज में राजर्षि शाहू महाराज के समतामूलक, प्रगतिशील एवं लोककल्याणकारी विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा नई पीढ़ी को उनके महान कार्यों से प्रेरित करना है।
इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए वर्षभर निबंध प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना बनाई गई है। शासन के सहयोग से आईआईटी के विद्यार्थियों तथा महानगरपालिका विद्यालयों के छात्रों को भी इसमें सहभागी बनाने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिकाधिक युवाओं तक शाहू महाराज के विचार पहुंच सकें।
प्रतियोगिता के सभी विजेताओं का औपचारिक सम्मान 6 मई 2027 को राजर्षि शाहू महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर 13वीं गली, खेतवाड़ी, गिरगांव (मुंबई) स्थित उनके स्मृति स्तंभ परिसर में किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर कभी राजर्षि शाहू महाराज का राजवाड़ा था तथा वहीं उनका निधन हुआ था। वर्तमान में राजवाड़ा अस्तित्व में नहीं है, किंतु मुंबई में राजर्षि शाहू महाराज का भव्य स्मारक स्थापित किए जाने की मांग लंबे समय से शाहूप्रेमियों द्वारा की जा रही है। इस दिशा में समिति लगातार प्रयासरत है।
यह जानकारी राजर्षि शाहू सलोखा मंच तथा राजर्षि शाहू स्तंभ स्मृति समिति, मुंबई की समन्वयक प्रज्ञा जाधव ने दी।
