मुख्यपृष्ठनए समाचारदावों के विपरीत पीएम श्री विद्यालय में पेयजल संकट...प्यास बुझाने को टैंकर...

दावों के विपरीत पीएम श्री विद्यालय में पेयजल संकट…प्यास बुझाने को टैंकर का सहारा

राजेश सरकार / प्रयागराज

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम श्री योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस विद्यालयों का दावा किया जाता है, लेकिन शंकरगढ़ स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में छात्र-छात्राओं को आज भी पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए जूझना पड़ रहा है। विद्यालय में बोरवेल खराब होने के कारण बच्चों को पीने के पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि परिसर में स्थापित बोरवेल दो-तीन मिनट चलने के बाद बंद हो जाता है, जिससे नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते विद्यालय प्रशासन को टैंकरों से पानी मंगाकर बच्चों के लिए पेयजल की व्यवस्था करनी पड़ रही है। विद्यालय में छात्र-छात्राएं अपनी पानी की बोतलें टैंकर से भरते हुए देखे गए।
भीषण गर्मी के मौसम में पेयजल संकट ने विद्यार्थियों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। अभिभावकों का कहना है कि जब पीएम श्री विद्यालयों को बेहतर संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं का मॉडल बनाया जा रहा है, तब ऐसे विद्यालय में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव चिंता का विषय है। उनका कहना है कि बच्चों की सेहत और पढ़ाई दोनों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इस संबंध में नगर पंचायत की नवागत अधिशासी अधिकारी रश्मि सिंह ने कहा कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी। यदि बोरवेल के रिबोर या किसी अन्य तकनीकी सुधार की आवश्यकता होगी तो उसे प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि विद्यालय में जल्द से जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके।
विद्यालय प्रशासन, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नगर पंचायत एवं संबंधित विभाग शीघ्र प्रभावी कदम उठाकर इस पेयजल संकट का स्थायी समाधान करेंगे, जिससे विद्यार्थियों को राहत मिल सके और उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए टैंकरों पर निर्भर न रहना पड़े।

अन्य समाचार

हम दोनों!