राजेश सरकार
प्रयागराज। शादी समारोह में शामिल युवक पर रविवार रात को कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। उसे गेस्टहाउस के पार्किंग पर जबरन उठा ले गए थे। वहां पर लाठी-डंडे और सरिया से मारकर लहूलुहान कर दिया। फिर उसे मरा जानकर वहां से भाग निकले। बाद में युवक को पार्किंग में लहूलुहान दशा में गिरा पाकर उसके गांव के ही दो लोगों ने उठाया और नैनी थाने ले गए। हमले में अरैल देवरख गांव के दबंग भूमाफिया, उसके रिश्तेदार और उसके साथियों को नामजद किया जा रहा है। सोमवार सुबह नैनी थाने में घायल युवक सिर पर पट्टी बांधे प्राथमिकी दर्ज कराने अपने अभिभावक और अन्य परिजन के साथ मौजूद था। प्राथमिकी दर्ज कराने को दी गई तहरीर के माध्यम से घायल युवक विनोद यादव पुत्र सुरेश कुमार यादव निवासी ग्राम देवरख अरैल नैनी ने पुलिस को अवगत कराया है कि रविवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह व पौने बारह बजे के बीच वह एफसीआई रोड स्थित सरस्वती वाटिका गेस्ट हाउस शादी में गया था और गेट पर खड़ा था।
इस दौरान उसके गाँव के दबंग भूमाफिया, उनके बुआ का लड़का निवासी लवायन कला तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ वहाँ आए और विनोद कुमार यादव को जबरन पार्किंग में उठा ले गए। जहां सबने मिलकर उसे लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से जान से मारने की नीयत से बुरी तरह मारा-पीटा तथा मरणासन्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। बाद में गाँव के ही कन्हैया भारतीय और लवकुश यादव ने विनोद को पार्किंग में घायल अवस्था में पड़ा देखा और थाना ले आए। घायल का आरोप है कि सभी हमलावर दबंग प्रवृत्ति के हैं तथा भूमाफिया हैं जो जमीन हड़पने का कार्य करते हैं। घायल विनोद के सिर एवं शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसने बताया कि उसे जान से मारने की नीयत से किया गया हमला पूर्व नियोजित साजिश है। लिहाजा अभियुक्तों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कठोर कानूनी कार्रवाई करें। घटना को लेकर आरोपी पक्ष का कहना है कि उनको फंसाया जा रहा है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के जरिए सच को सामने लाया जाना चाहिए।
