मुख्यपृष्ठसमाचारएडीएम सिटी के अर्दली को मिली खून की होली खेलने की धमकी

एडीएम सिटी के अर्दली को मिली खून की होली खेलने की धमकी

राजेश सरकार / प्रयागराज

अजहर सिद्दीकी कलेक्ट्रेट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यानी नजारत चपरासी है और वर्तमान में अपर जिलाधिकारी नगर का अर्दली है। उसने अपने ऊपर हुए जानलेवा हमले के बाद प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार अजहर सिद्दीकी ने ६ अक्टूबर २०२५ को एक प्रार्थना-पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी प्रयागराज को सूचित किया था कि एक अक्टूबर २०२५ की सुबह करीब पांच बजे कुछ अराजक तत्वों ने उन पर जानलेवा हमला किया।

घटना की एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है, जिसकी प्रति प्रार्थना-पत्र के साथ संलग्न की गई है। अजहर सिद्दीकी ने बताया कि घटना के बाद से ही उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और मुकदमा वापस लेने के लिए विभिन्न तरीकों से दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेखौफ हमलावर खुलेआम खून की होली खेलने की धमकी दे रहे हैं। कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, जिला मंत्री वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने पीड़ित अजहर सिद्दकी संग जिलाधिकारी से मुलाकात कर अजहर को सुरक्षा प्रदान करने, गनर की व्यवस्था कराने और अराजक तत्वों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कर्मचारी संघ की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा को पूरे प्रकरण की जांच के लिए नामित कर दिया है।

अन्य समाचार