मुख्यपृष्ठसमाचारमोनो डार्लिंग के बाद भूमिगत मेट्रो भी फेल!

मोनो डार्लिंग के बाद भूमिगत मेट्रो भी फेल!

-दोपहर २.४४ बजे आई तकनीकी खराबी

-कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकले यात्री

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई

मुंबई में मोनो डॉर्लिंग तो यात्रियों के लिए सिरदर्द है ही, अब भूमिगत मेट्रो भी इसी राह पर है। तकनीकी खराबी के चलते कल दोपहर २.४४ बजे मेट्रो-३ कॉरिडोर पर चल रही ट्रेन में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के कगार पर पहुंचे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह सुरक्षित निकाला जा सका। यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इस सिस्टम में कई बार खराबी आ चुकी है, लेकिन प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
मुंबई मेट्रो की लाइन-३ पर एक बार फिर तकनीकी समस्या ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। सांताक्रुज स्टेशन के पास एक ट्रेन में खराबी आने के बाद उसे अस्थाई रूप से रोकना पड़ा और यात्रियों को स्टेशन पर उतारकर ट्रेन खाली करानी पड़ी। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एक बयान के अनुसार, यह घटना दोपहर २.४४ बजे आचार्य अत्रे चौक की ओर जा रही एक भूमिगत ट्रेन के साथ हुई। एहतियातन ट्रेन को सांताक्रुज स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लाकर खाली कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और किसी भी तरह की दुर्घटना होने से बचा लिया गया।
`२ए’ और `७’ में भी खराबी
भूमिगत मेट्रो की तरह दहिसर-पूर्व से अंधेरी पश्चिम मेट्रो-२ए और गुंदवली से दहिसर मेट्रो-७ मार्गों पर मेट्रो सेवाएं भी शुक्रवार शाम को प्रभावित हो गर्इं। बताया गया कि तकनीकी खराबी के कारण दोनों मार्गों की सेवाओं का समय सारणी प्रभावित हुआ। इससे शाम के समय कार्यालय से घर लौट रहे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, एमएमआरडीए ने दोनों मेट्रो सेवाओं के बारे में ‘थोड़ा’ विलंब होने का अजीब दावा किया।

अन्य समाचार