हिमांशु राज
बॉलीवुड के नए सितारे अहान शेट्टी ने न्यूयॉर्क फैशन वीक में ऐसा जादू बिखेरा कि दर्शकों की निगाहें उन पर ही थम गईं। बॉर्डर 2 से सुर्खियों में आए अहान यहां COS के शरद–शीतकालीन आयोजन में पहुंचे और जैसे ही रैंप पर कदम रखा, पूरा माहौल तालियों से गूंज उठा।
स्टाइल विशेषज्ञ राहुल विजय ने अहान को ऐसा रूप दिया, जिसमें सादगी और शालीनता दोनों का संगम देखने को मिला। गहरे धूसर रंग का गर्म ऊनी परिधान, उसके साथ सफ़ेद कुरतेनुमा शर्ट और सधी हुई पैंट ने उनके व्यक्तित्व को और भी निखार दिया। उनकी शोभा में चार चांद लगाए, उसी ब्राण्ड के आभूषण और काले रंग का चश्मा, जिसने अहान को आधुनिक नगरिया अंदाज में और भी निखार दिया। जैसे ही वे इस रूप में नजर आए, हर किसी को लगा मानो बॉलीवुड का यह नया सितारा अब फैशन के आकाश पर भी चमकने के लिए तैयार है। अहान शेट्टी के इस अलग अंदाज़ की चर्चा अब हर ओर हो रही है। दर्शक कह रहे हैं-पर्दे पर वीर जवान और मंच पर शान का प्रतीक। सचमुच, सुनील शेट्टी का बेटा अब स्टाइल की दुनिया में भी अपनी धाक जमाने निकला है।
