मुख्यपृष्ठनए समाचारडंपिंग ग्राउंड से हो रहा वायु प्रदूषण ...नई मुंबई पर छाया कोहरा!

डंपिंग ग्राउंड से हो रहा वायु प्रदूषण …नई मुंबई पर छाया कोहरा!

बुजुर्गों व बच्चों के स्वास्थ्य पर मंडराया खतरा

आंख में जलन, गले में खराश और खांसी से लोग त्रस्त
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के मानखुर्द स्थित डंपिंग ग्राउंड में लगी आग से निकलने वाले धुएं से हो रहे वायु प्रदूषण के कारण नई मुंबई में ‘कोहरा’ छा गया है। इस धुएं से नागरिकों को कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए और भी चिंताजनक हो गई है।
बता दें कि मुंबई के मानखुर्द में डंपिंग ग्राउंड पर उत्पन्न होने वाली मीथेन गैस के कारण अक्सर आग लग जाती है। इस आग से उत्पन्न धुआं हवा की दिशा में वाशी, कोपरखैरणे और आस-पास के इलाकों में पैâल जाता है, जिससे वायु की गुणवत्ता काफी खराब हो जाती है। नई मुंबई मनपा के पर्यावरण विभाग ने अनुमान लगाया है कि शहर के मौजूदा वातावरण का मुख्य कारण यही स्थिति हो सकती है। इसके अलावा, वाशी के पास औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाला रासायनिक गंदा पानी और रासायनिक गैसें इस प्रदूषण को और बढ़ा रही हैं। जिसके कारण नागरिकों को आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इतनी गंभीर स्थिति होने के बाद भी प्रशासन द्वारा कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं।
बोर्ड की कार्यप्रणाली पर नाराजगी
नई मुंबई में वायु प्रदूषण से नागरिक स्तब्ध हैं और उन्होंने इसके लिए महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निष्क्रिय कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई है। बार-बार शिकायत के बावजूद एमपीसीबी द्वारा कोई ठोस उपाय या कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय विधायकों और वन मंत्री गणेश नाईक से मिलने के बाद भी अधिकारियों ने केवल आश्वासन ही दिया, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।
प्रदूषण को बता रहे हैं कोहरा
नागरिकों का आरोप है कि महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड औद्योगिक प्रदूषण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है, जबकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने इसे मौसम में होने वाला ‘कोहरा’ बताया है, लेकिन वायु प्रदूषण से सांस लेने में होने वाली तकलीफ कुछ और ही स्थिति की ओर इशारा कर रही है। नई मुंबई मनपा प्रशासन का कहना है कि मानखुर्द कचरा डंप की समस्या के संबंध में मनपा से बार-बार पत्राचार किया जा रहा है।

अन्य समाचार