– बीसीएएस ने जारी की चेतावनी; सरकार ने जारी की एडवायजरी
– २२ सितंबर से २ अक्टूबर तक रेड अलर्ट
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
हिंदुस्थान पर एयर टेरर का खतरा मंडरा रहा है। इसे देखते हुए देशभर वे â सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यह कदम बीसीएएस (ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी) की चेतावनी के बाद उठाया गया है। बीसीएएस को इनपुट मिला है कि आगामी २२ सितंबर से २ अक्टूबर, २०२५ के बीच आतंकवादी हमले हो सकते हैं। इस खतरे को देखते हुए सभी हवाई अड्डों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा में यह बढ़ोतरी खुफिया जानकारी मिलने के बाद की गई है।
बताया जाता है कि खुफिया विभाग को जानकारी मिली है कि कुछ ‘असामाजिक तत्व’ गड़बड़ी करने की योजना बना रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने ४ अगस्त को एक एडवाइजरी जारी की थी। इस एडवाइजरी में सभी हवाई अड्डों, हवाई पट्टियों, हेलीपैड और प्रशिक्षण संस्थानों में निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। बीसीएएस की एडवाइजरी में कहा गया है कि उन्हें केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी से जानकारी मिली है। इस जानकारी के अनुसार, ‘असामाजिक तत्वों या आतंकवादी समूहों से संभावित खतरा’ है। इसलिए किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। हवाई अड्डों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को २४ घंटे हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। वे हवाई अड्डे के टर्मिनल, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के सभी इलाकों में लगातार गश्त करेंगे। इसके साथ ही, हवाई अड्डों को स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करने के लिए कहा गया है।
अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर कड़ी निगरानी
यह निर्देश केवल घरेलू उड़ानों के लिए ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर भी लागू है। सभी विमान सेवाओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि विमान में लोड होने से पहले सभी कार्गो की अच्छी तरह से जांच की जाए। घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय शिपमेंट के लिए आने वाले मेल पार्सल की जांच भी कड़ी कर दी गई है।
सभी की पहचान जरूरी
सभी कर्मचारियों, ठेकेदारों और हवाई अड्डे पर आने वाले आगंतुकों की पहचान की जांच की जाए। अगर कोई व्यक्ति बिना अनुमति के हवाई अड्डे में प्रवेश करने की कोशिश करता है, तो उसे तुरंत रोका जाए और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी जाए।
