-शिंदे गुट का भाजपा के खिलाफ फिर हल्लाबोल सरनाईक ने लगाए मेहता पर गंभीर आरोप
सुरेश गोलानी / मुंबई
महाराष्ट्र सरकार की सत्ताधारी महायुति गठबंधन में सहयोगी होने के बावजूद शिंदे गुट और भाजपा के बीच ज़बरदस्त राजनीतिक जंग चल रहा है। मीरा-भायंदर क्षेत्र में आदिवासियों की भूमि हड़पने और नगर रचना विभाग से जुड़े भ्रष्ट अधिकारियों के साथ सांठ-गांठ करके करोड़ों रुपए के घोटालों को लेकर शिंदे गुट के मंत्री प्रताप सरनाईक ने भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए इस पूरे मामले में विशेष जांच समिति (एसआईटी) द्वारा उच्च स्तरीय जांच करवाने के स्पष्ट संकेत दिए हैं। सरनाईक ने नगर रचना विभाग में चल रहे गैरकारभार के संबंध में लगातार शिकायत मिलने के बाद सोमवार को विभाग का दौरा किया और अधिकारियों पर मेहता तथा उनके निकटवर्तियों द्वारा संचालित सेव्हन इलेव्हन कन्स्ट्रक्शन कंपनी को नियमबाह्य तरीके से मदद करने का आरोप लगाते हुए कटघरे में खड़ा कर दिया। जिस किसी भी आर्किटेक्ट (वास्तुकार) ने नियमों को ताक पर रखकर या फर्जी तरीके से अवैध निर्माण के लिए ‘सीसी’ जारी करवाया है उनके लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द करने और केवल प्रशासनिक कार्रवाई न करते हुए, संबंधित दोषी वास्तुकार और इसमें शामिल अधिकारियों/विकासकों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के सख्त निर्देश सरनाईक द्वारा नगर रचना विभाग के निरीक्षण के दौरान दिए गए।
मेहता ने सभी आरोपों को बताया बेबुनियाद
सरनाईक द्वारा हमारी कंपनी पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित हैं। इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है और ये केवल गुमराह करने वाले हैं। हमारी कंपनी हमेशा कानून के दायरे में रहकर और सभी सरकारी नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए अपना व्यावसायिक कामकाज संचालित करती है। पारदर्शिता और व्यावसायिक ईमानदारी हमारे मुख्य मूल्य हैं। इसलिए इन तथ्यहीन बयानों और दावों को कृपया गंभीरता से न लिया जाए।
