राजेश सरकार / प्रयागराज
कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने शहर कांग्रेस कमेटी को दिया गया केपी कॉलेज खेल मैदान का आवंटन रद्द कर दिया है। यह फैसला इलाहाबाद उच्च न्यायालय के एक हालिया आदेश और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है। अधिवक्ता और छात्रों के हित में फैसला ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौ. जितेन्द्र नाथ सिंह द्वारा जारी पत्र के अनुसार, कॉलेज के प्रधानाचार्य ने सूचित किया था कि उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त 2025 को एक आदेश पारित किया है। इस आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि खेल मैदान में किसी भी आयोजन से छात्रों के पठन-पाठन में कोई व्यवधान नहीं आना चाहिए।
बारिश और मैदान खराब होने का हवाला
पत्र में बताया गया है कि कांग्रेस के इस कार्यक्रम की वजह से दो विद्यालयों के छात्र प्रभावित हो रहे थे। इसके अलावा, वर्तमान में हो रही बारिश के कारण आउटडोर खेल का मैदान पूरी तरह खराब होने की आशंका है। मैदान को दोबारा ठीक करने में काफी समय और भारी खर्च आएगा। ट्रस्ट ने कांग्रेस कमेटी से आग्रह किया है कि वे अपने कार्यक्रम की तिथि को किसी अवकाश के दिन या फिर बरसात के मौसम के बाद तय करें।
जमा राशि वापस करेगी पाठशाला
आवंटन निरस्त होने के साथ ही कायस्थ पाठशाला ने शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा जमा की गई अग्रिम धनराशि को वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए लेखाकार को निर्देशित किया गया है कि वे ग्राउंड की सफाई और लेवलिंग के लिए जमा की गई राशि को चेक के माध्यम से अतिशीघ्र वापस करें। इस पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी (प्रयागराज) समेत सभी संबंधित अधिकारियों को सूचना के लिए भेज दी गई है।
