सामना संवाददाता / मुंबई
भारत के विभिन्न राज्यों समेत मॉरीशस, दुबई, लंदन आदि जगहों पर पूर्वांचलियों का झंडा बुलंद करनेवाले भाजपा नेता अमरजीत मिश्र को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए पूर्वांचल रत्न अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। सबरंग भोजपुरी फिल्म अवार्ड के कुलदीप श्रीवास्तव और ऑस्कर टीवी के मालिक आनंद सिंह की अगुआई में सोमवार को बांद्रा के बाल गंधर्व सभागृह में बड़े पैमाने पर हुए भोजपुरिया हस्तियों की उपस्थिति में दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष -सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी, आजमगढ़ के पूर्व सांसद व अभिनेता दिनेशलाल निरहुआ और भोजपुरी फिल्मों के शोमैन निर्माता रत्नाकर ने अमरजीत मिश्र को सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि मुंबई में १९८९ से उत्तर प्रदेश दिवस समारोह की शुरुवात करनेवाले अमरजीत मिश्र के आग्रह पर ही उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने २०१७ में सरकार में आते ही अपनी पहली कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश दिवस शुरू करने का प्रस्ताव पारित किया था। मुंबई और उसके आसपास सावन के महीने में २० से अधिक जगहों पर कजरी महोत्सव का आयोजन कर श्री मिश्र डेढ़ दशकों से पूर्वांचलियों की सांस्कृतिक चेतना को जागृत करते रहे हैं।विश्व भोजपुरी सम्मेलन के आयोजनों में भी बढ़ चढ़ के हिस्सा लेते हैं।
देवेन्द्र फडणवीस की पिछली सरकार में फिल्मसिटी के उपाध्यक्ष रहे श्री मिश्र को ही रवि किशन (गोरखपुर) और दिनेशलाल यादव निरहुआ(आजमगढ़) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात करवा के भाजपा में शामिल करवाने का श्रेय जाता है। सोमवार को हुए सबरंग फ़िल्म अवार्ड में भी सांसद मनोज तिवारी और अभिनेता निरहुआ ने अमरजीत मिश्र के योगदान की जमकर सराहना की। समारोह में भोजपुरी फ़िल्मों के वरिष्ठ अभिनेता कुणाल सिंह, दयाशंकर पांडेय,अभिनेत्री आम्रपाली दुबे समेत कई बड़े कलाकार उपस्थित थे
