उमा सिंह
अब गोरखपुर वालों को शायद अपना शहर पहचानने के लिए गूगल मैप की जरूरत नहीं पड़ेगी। भाजपा सांसद रवि किशन ने नया विजन जो दे दिया है, गोरखपुर अब गोरखपुर नहीं, स्पेन है! बस शर्त इतनी है कि देखने वाली आंखें सांसद जी वाली हों।
कल्याण मंडपम के उद्घाटन मंच से सांसद जी ने गोरखपुर को अद्भुत, स्मार्ट सिटी और यहां तक कि स्पेन जैसा बता दिया। जिन्हें यह ‘स्पेन’ नजर नहीं आता, उनके लिए भी सांसद जी ने इशारा कर दिया, शायद उनकी आंखों में ही कमी है। यानी विकास देखने का नया पैमाना तैयार है। सड़क वैâसी है, नालियां किस हाल में हैं, ट्रैफिक कितना है, अपराध की स्थिति क्या है और लोग किन परेशानियों से जूझ रहे हैं, इन सब सवालों को फिलहाल किनारे रखिए। बस सांसद जी की नजर उधार लीजिए और गोरखपुर में मैड्रिड तलाशिए..!
मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। सांसद जी के बयान पर मुख्यमंत्री समेत कई लोग हंस पड़े। वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा तो गोरखपुर से लेकर सोशल मीडिया की टाइमलाइन तक ‘स्पेन यात्रा’ शुरू हो गई। अब गोरखपुरवासी भी असमंजस में हैं। उन्हें रोज का शहर कुछ और क्यों दिखता है? कहीं ऐसा तो नहीं कि सांसद जी के पास विकास का ऐसा चश्मा है, जिसमें हर सड़क मैड्रिड और हर गली बार्सिलोना नजर आती है?
विपक्ष ने भी मौका नहीं गंवाया। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने तंज कसा कि सांसद हैं, मसखरे नहीं और जनता को अंधा कहने का हिसाब होगा।
वैसे जनता को भाषण में स्पेन नहीं चाहिए। उसे सड़क पर सुविधा, नाली में सफाई, अस्पताल में इलाज और शहर में सुरक्षा चाहिए। अब पैâसला जनता करे, स्पेन गोरखपुर में आया है या सिर्फ भाषण में?
