मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा-शिंदे गुट में जमकर मारामारी!

भाजपा-शिंदे गुट में जमकर मारामारी!

-श्रेय की लड़ाई पहुंची लात-घूंसो और जूतों तक
-दर्जनों पर मामला दर्ज; अकोला में सत्ताधारी गठबंधन के भीतर टकराव से माहौल गरमाया

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र की सत्ता में साझेदार भाजपा और शिंदे गुट के बीच चल रही श्रेय की लड़ाई अब सड़कों और नगर निकायों तक पहुंचती दिखाई दे रही है। शीर्ष नेताओं के बीच राजनीतिक खींचतान के बाद उसका असर स्थानीय निकायों में भी साफ नजर आ रहा है। कहीं जुबानी जंग हो रही है तो कहीं मामला सीधे लात-घूंसों और मारपीट तक पहुंच रहा है। अकोला जिले में सामने आया ताजा मामला इसका उदाहरण है, जहां नगर परिषद की सामान्य सभा के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते जमकर मारपीट में बदल गया।
भाजपा और शिंदे गुट की मारपीट में कई घायल
भाजपा और शिंदे गुट के नगरसेवकों और कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई। लात-घूंसों और मुक्कों के साथ चप्पलें भी चलीं। सभा कक्ष में शुरू हुआ बवाल नगर परिषद के बाहर तक पहुंच गया। बाहर निकलते समय दोनों गुटों के समर्थक गेट पर फिर आमने-सामने आ गए और वहां भी जमकर मारपीट हुई। घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने मामले दर्ज किए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सत्ताधारी गठबंधन की जमकर किरकिरी हो रही है।
सभा में बहस, बाहर बरसे लात-घूंसे
अकोला के हिवरखेड़ नगर परिषद में २७ नवंबर को सामान्य सभा आयोजित की गई थी। सभा की कार्यसूची के साथ विषयों की विस्तृत टिप्पणी उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते भाजपा और शिंदे गुट के नगरसेवक आमने-सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई और देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। सभा में शुरू हुआ राजनीतिक टकराव कुछ देर बाद नगर परिषद के बाहर भी दिखाई दिया। दोनों गुटों के समर्थक बाहर निकलते ही फिर भिड़ गए। देखते ही देखते वहां भी धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई।
दोनों पक्षों ने लगाए आरोप
इस घटना में शिंदे गुट के नगरसेवक एवं गुटनेता रवी घुंगड और नगरसेवक ऋषि पंचबुद्धे समेत कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी है। शिंदे गुट के नगरसेवकों ने आरोप लगाया है कि उनके साथ भाजपा नगराध्यक्ष के रिश्तेदारों की ओर से मारपीट की गई। वहीं, भाजपा और शिंदे गुट के नगरसेवकों एवं कार्यकर्ताओं की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दी गई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज किए हैं। दर्ज मामलों में नगराध्यक्ष के पति और उनके दोनों बेटों के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। लेकिन इस घटना ने सत्ता में साथ-साथ बैठे भाजपा और शिंदे गुट के बीच स्थानीय स्तर पर बढ़ती खींचतान को जरूर उजागर कर दिया है।

अन्य समाचार