विक्रम सिंह/सुल्तानपुर
यूपी के सुल्तानपुर जिले से एक लोमहर्षक दुस्साहसिक वारदात की खबर आई है। अखंडनगर थाने के खानपुर पिलाई गांव में मवेशियों को चराने निकले बुजुर्ग व्यक्ति की पीठ पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात से बौखलाए शोकसंतप्त परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए। जहां थानेदार ने समझाया बुझाया। यथोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब मामला शांत हुआ।
वारदात मंगलवार की दोपहर बाद की बताई जा रही है। उमाशंकर दूबे (७०) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे पशु चराने खेत गए थे, जहां अज्ञात लोगों ने उन्हें बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी होने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गुस्साए परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव को थाने के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और न्याय की मांग की। मौके पर थानेदार दीपक कुशवाहा ने समझाया बुझाया। कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी जारी है। वहीं गांव और थाने के आसपास वारदात के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है।
