राजेश सरकार / प्रयागराज
बहरिया थाना क्षेत्र के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय धमौर में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसे में सात साल के मासूम की मौत हो गई। विद्यालय का मुख्य गेट गिर जाने से सात वर्षीय बालक की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। वहीं हादसे के बाद परिजन ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंची और पूछताछ के बाद मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
– गेट पकड़ कर झूल रहा था मासूम तभी हुआ हादसा
धमौर गांव के मनोज पाल का सात साल का पुत्र ईशु बुधवार दोपहर विद्यालय का गेट पकड़ कर झूल रहा था। इस दौरान जर्जर गेट अचानक गिरा और ईशु उसके नीचे दब गया। वहां पर मौजूद लोगों ने दौड़कर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
– जर्जर हो चुका था गेट
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के मुख्य गेट के नीचे की कुंडी काफी समय से टूटी हुई थी और गेट ठीक से बंद नहीं होता था। शिक्षक अक्सर विद्यालय का गेट खुला ही छोड़ देते थे। बताते है कि चार वर्ष पूर्व विद्यालय की बाउंड्री और गेट का निर्माण कराया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में वह जर्जर हो चुका था।
– पहली कक्षा में पढ़ता था ईशु
मासूम ईशु सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा एक का छात्र था। उसके पिता मनोज पाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर पूरा घर दहाड़े मार कर रो रहा है। सूचना पर थाना अध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से ग्रामीणों में शिक्षा विभाग की लापरवाही को लेकर आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा ना हो।
